प्रशांत किशोर को पटना सिविल कोर्ट से मिली जमानत, धरना प्रदर्शन मामले में हुई थी गिरफ्तारी

पटना। गांधी मैदान में आमरण अनशन पर बैठे जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर को पुलिस ने सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। वो 2 जनवरी की शाम 5 बजे से बीपीएससी अभ्यर्थियों के समर्थन में आमरण अनशन पर थे। थोड़ी देर पहले उनकी पटना सिविल कोर्ट में पेशी हुई। एसडीजेएम आरती उपाध्याय की कोर्ट से उन्हें 25 हजार के निजी मुचलके पर बेल मिल गई है। कोर्ट में पेशी के दौरान प्रशांत किशोर ने खुद बहस की। उन्होंने जज को बताया कि किस तरीके से पुलिसिया बर्बरता की गई। कोर्ट से जमानत मिल गई है, लेकिन प्रशांत किशोर सशर्त जमानत लेने के लिए तैयार नहीं हैं। इससे पहले आज सुबह 4 बजे पटना पुलिस ने गांधी मैदान से उन्हें जबरन हटाया। इस दौरान पुलिस को भारी विरोध का सामना भी करना पड़ा। समर्थक का दावा है कि हटाने के दौरान एक पुलिस वाले ने प्रशांत किशोर को थप्पड़ भी मारा और जबरन वहां से उठाकर एंबुलेंस में बैठाया। सुबह-सुबह प्रशांत किशोर को उठाने पहुंची पुलिस का पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध किया। पुलिस ने उनको घसीटकर हटाया और लाठीचार्ज भी किया। फिलहाल धरनास्थल से सभी को हटा दिया गया है। प्रशांत किशोर को पुलिस एंबुलेंस में एम्स लेकर गई। उन्हें सभी लोगों से अलग कर दिया गया है। पुलिस 4-5 घंटे पीके को एंबुलेंस में लेकर घूमती रही। बाद में फतुहा कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में उनका चेकअप कराया गया। यहां से पुलिस पेशी के लिए लेकर निकली। पटना डीएम चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि प्रशांत किशोर को गिरफ्तार किया गया है। प्रशांत और उनके समर्थक गांधी मैदान पर धरना दे रहे थे। इस जगह पर धरना देने की इजाजत नहीं थी।
