मसौढ़ी : 90 वर्षीय वृद्ध का शव बरामद, ठंढ लगने से मौत की आशंका

संवाद सहयोगी, मसौढी। थाना पुलिस ने शुक्रवार की सुबह थाना के धनौती गांव स्थित एक खेत से 90 वर्षीय एक वृद्ध का शव बरामद किया है। बाद में उसकी पहचान धनरूआ थाना के गुलरिया बिगहा गांव के नाथुन प्रसाद के रूप में हुई। ऐसी आशंका जताई जाती है कि उसकी मौत ठंढ लगने से हुई है। इधर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की सुबह धनौती के ग्रामीणों ने गांव के एक खेत में एक शव देखा। उन्होंने इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर लिया। बताया जाता है कि मृतक विक्षिप्त था और वह अक्सर अपने घर से भटक कर इधर-उधर चला जाता था। इस कारण उसके स्वजनों ने उसके कुर्ते पर नाम-पता व घर का मोबाइल अंकित कर दिया था। इधर पुलिस ने कुर्ते पर अंकित मोबाइल नंबर पर उसके स्वजनों से संपर्क साधा और फिर उसकी पहचान धनरूआ थाना के गुलरिया बिगहा गांव के नाथुन प्रसाद के रूप में हुई। इस बाबत थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि मृतक के शव पर किसी तरह के जख्म के निशान नहीं थे। इस कारण प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि उसकी मौत ठंढ लगने से हुई है।

You may have missed