November 28, 2025

स्वतंत्रता दिवस पर गांधी मैदान में तैनात रहेंगे 98 मजिस्ट्रेट, चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल करेंगे निगरानी

पटना। पटना में 78वां स्वतंत्रता समारोह गुरुवार को राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में मनाया जाएगा। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गांधी मैदान में ध्वजारोहण करेंगे। गांधी मैदान में राजकीय समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित कई वीवीआईपी शिरकत करेंगे। सुरक्षा को लेकर गांधी मैदान में 98 मजिस्ट्रेट और एक हजार जवान तैनात रहेंगे। चूंकि पटना के गांधी मैदान में राजकीय समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सहित तमाम वीवीआईपी शिरकत करते हैं, इसको देखते हुए आम लोगों की एंट्री अलग गेट से होती है। इस बार 15 अगस्त को आम लोग गाँधी मैदान में गेट संख्या 4,5,6 और 7 से जा सकेंगे। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बीते दिन यानी मंगलवार को इस बाबत परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया। इस बार कुल 20 टुकड़ियां परेड भाग ले रही हैं। जबिक 13 झाकियां दिखाई जाएगी। पूरे गांधी मैदान को चार सेक्टर एवं सब-सेक्टर में बांटा गया है। इसमें अपर जिला दंडाधिकारी व पुलिस उपाधीक्षक को वरीय प्रभार में रखा गया है। गांधी मैदान एवं कारगिल स्मृति चौक में विधि-व्यवस्था के लिए कुल 60 विभिन्न स्थानों पर 98 दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। 4 सेक्टर दंडाधिकारी भी मुस्तैद रहेंगे। दंडाधिकारियों के साथ पुलिस पदाधिकारियों को भी तैनात किया गया है। महिला बल, लाठी बल एवं अन्य पुलिस बल भी ड्यूटी पर मुस्तैद रहेंगे। सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल 15 अगस्त को सुबह 6 बजे प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंच जाएंगे। तब तक मुस्तैद रहेंगे जब तक भीड़ चली न जाए। सभी अतिथि सुबह 8.30 बजे तक स्थान ग्रहण कर लेंगे। आम जनता का प्रवेश गेट नं. 4, 5, 6 एवं 7 से होगा। भारतीय रिजर्व बैंक के सामने स्थित गांधी मैदान के दक्षिण द्वार गेट संख्या 9 से मीडियाकर्मी प्रवेश करेंगे। गांधी मैदान में आमंत्रित अतिथियों का प्रवेश गेट नम्बर 10 से होगा। ब्रजकिशोर पथ (एक्जीविशन रोड) के सामने रामगुलाम चौक के पास स्थित गांधी मैदान के दक्षिण मुख्य द्वार गेट संख्या 10 से विशिष्ट अतिथियों का प्रवेश होगा।

You may have missed