23 से 31 अगस्त तक चलेगी यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा, पेपर लीक के कारण रद्द हुआ था एग्जाम
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के 60244 पदों पर सीधी भर्ती के लिए होने वाली लिखित परीक्षा की नई तारीखों की घोषणा गुरुवार को की गई। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने बताया कि यह परीक्षा आगामी 23, 24, 25, 30 और 31 अगस्त को आयोजित की जाएगी। इससे पहले पेपर लीक होने के कारण यह परीक्षा रद्द कर दी गई थी। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को रोडवेज की बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पेपर लीक के मामले के बाद परीक्षा निरस्त कर दी थी और निर्देश दिया था कि छह माह के भीतर उच्चतम शुचिता एवं पारदर्शिता के मानकों का पालन करते हुए पुनः परीक्षा आयोजित की जाए। प्रदेश सरकार ने 19 जून को परीक्षा की तैयारियों, परीक्षा केंद्रों के चयन, परीक्षार्थियों के सत्यापन और सॉल्वर बैठाने से रोकने के लिए विस्तृत दिशा निर्देश जारी किए थे। परीक्षा इन्हीं मानकों के अनुसार आयोजित की जाएगी। जन्माष्टमी त्योहार के कारण परीक्षा में अंतराल दिया गया है। शासन ने पहली जुलाई 2024 को सार्वजनिक परीक्षाओं में अनुचित साधनों जैसे प्रश्नपत्र लीक होने और उत्तर पुस्तिकाओं से छेड़छाड़ को रोकने के लिए ‘उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अध्यादेश 2024’ को अधिसूचित किया था। इस अधिनियम में प्रावधान किया गया है कि परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करना, नकल करना, प्रश्नपत्र का प्रतिरूपण करना या उसे प्रकट करने का षड्यंत्र करना अपराध की श्रेणी में आता है और इसके तहत दंडनीय है। ऐसे मामलों में एक करोड़ तक का जुर्माना और आजीवन कारावास या दोनों ही हो सकते हैं। इस अधिनियम का उद्देश्य परीक्षा प्रणाली की शुचिता और पारदर्शिता को बनाए रखना है ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितताओं को रोका जा सके और योग्य उम्मीदवारों को उचित अवसर प्रदान किया जा सके। इस बार परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और शुचिता के साथ आयोजित किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो और सभी उम्मीदवारों को समान अवसर मिल सके। परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बरती जाएगी, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके। इस कदम से यह सुनिश्चित होगा कि यूपी पुलिस में भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी हो, और योग्य उम्मीदवारों को उनकी मेहनत का उचित फल मिल सके।


