February 15, 2026

कांग्रेस का इतिहास पिछड़ा विरोधी : सुशील मोदी

पटना। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री व बीजेपी राज्यसभा सांसद सुशील मोदी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी की जाति पर अमर्यादित टिप्पणी करने वाले राहुल गांधी अब उनकी जाति को पिछड़ा वर्ग में शामिल करने के गुजरात की कांग्रेस सरकार के फैसले पर झूठा प्रचार कर रहे हैं। मोदी ने आगे कहा कि राहुल गांधी को पता नहीं है कि 25 जुलाई 1994 को गुजरात की कांग्रेस सरकार ने मंडल आयोग की रिपोर्ट के दबाव में तेली-घांची जाति व उसकी उपजातियों को OBC में शामिल किया था। उस समय नरेंद्र मोदी किसी सरकारी पद पर नहीं थे। बाद में 4 अप्रैल 2000 को केंद्र सरकार ने तेली घांची जाति को OBC की केंद्रीय सूची में शामिल किया। यह जाति अधिकतर राज्यों की पिछड़ा वर्ग सूची में है। बिहार की NDA सरकार ने तेली जाति को अतिपिछड़ा वर्ग में रखा है। उन्होंने आगे कहा कांग्रेस का इतिहास पिछड़ा विरोधी रहा है। नेहरू से राजीव गांधी तक कांग्रेस आरक्षण विरोधी ही रही। नेहरू मानते थे कि आरक्षण देने से सरकारी सेवाओं का स्तर गिर जाएगा। यही कारण था कि केंद की कांग्रेस सरकारों ने काका कालेलकर समिति की रिपोर्ट खारिज की और मंडल आयोग की रिपोर्ट को 10 साल तक दबाये रखा। राहुल गांधी के पिता राजीव गांधी ने मंडल आयोग की रिपोर्ट लागू करने का विरोध संसद में खड़े होकर किया था वे आज किस मुंह से बिहार में जातीय सर्वे कराने का श्रेय ले रहे हैं और अपनी सरकार बनने पर देश में जातीय जनगणना कराने की बात कर रहे हैं?

You may have missed