February 26, 2026

लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न मिलने पर सीएम नीतीश ने फोन कर दी बधाई, सोशल मीडिया पर लिखा पोस्ट

  • मुख्यमंत्री बोले- आडवाणी जी से मुझे बहुत कुछ सीखने को मिला, प्रधानमंत्री का अभिनंदन करता हूं

पटना। शनिवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री रहे लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न देने की घोषणा हुई। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से इस बात की जानकारी पूरे देश को दी। आडवाणी को भारत रत्न मिलने के बाद जहां पक्ष और विपक्ष के सभी नेता उनको बधाई दे रहे हैं वहीं अब बिहार में एक बार फिर से एनडीए की सरकार में शामिल हुए नीतीश कुमार ने भी लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न मिलने पर बधाई दी है। बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार ने खुद लाल कृष्ण आडवाणी को फोन करके भारत रत्न मिलने पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है। इसके साथ-साथ उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल से भी इस बात की जानकारी देते हुए कहा है कि आडवाणी जी को भारत रत्न मिलना बहुत ही खुशी की बात है और इसके लिए मैं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन करता हूं। मुख्यमंत्री ने लालकृष्ण आडवाणी से दूरभाष पर बात कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने शनिवार को कहा कि लालकृष्ण आडवाणी देश के सम्मानित राजनेताओं में से एक हैं। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में मुझे उनके सानिध्य में काम करने का मौका मिला। लालकृष्ण आडवाणी का स्नेह मुझे हमेशा मिलता रहा है और उनसे कई चीजें सीखने का भी मौका मिला है। लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न दिए जाने पर मुख्यमंत्री ने हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा है कि लालकृष्ण आडवाणी का देश के विकास में बड़ा योगदान है। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में उन्होंने देश के गृह मंत्री और उप प्रधानमंत्री के रूप में काफी बेहतर कार्य किया। लालकृष्ण आडवाणी जी को देश का सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न दिये जाने का केंद्र सरकार का निर्णय स्वागत योग्य है, इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन करता हूं।

You may have missed