संविधान व विधान से मतलब नहीं रखने वाले आज नफरत का माहौल खड़ा कर रहे हैं : जगदानन्द सिंह
पटना। बिहार प्रदेश राजद अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक राजद कार्यालय के कर्पूरी सभागार में प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नवाज आलम उर्फ अनवर आलम की अध्यक्षता में हुई। डॉ. अनवर आलम ने प्रदेश पदाधिकारियों से कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यक्रम चलायें और सरजमीन पर लालू जी और तेजस्वी जी के विचारों को पहुंचाने का काम करें। वही इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष जगदानन्द सिंह ने कहा कि आज देश में संविधान और सेक्यूलरिज्म पर हमला किया जा रहा है, इससे हमें सचेत रहने की आवश्यकता है। उन्हें संविधान और विधान से मतलब नहीं है बल्कि सत्ता कैसे मिले इसके लिए लगातार नफरत का माहौल खड़ा कर रहे हैं। आज देश में धार्मिक उन्माद खड़ा किया जा रहा है और मुल्क की भाईचारा और एकता की समाप्त करने के दिशा में कार्य चल रहा है। हमें इसके खिलाफ मजबूत गोलबंदी के साथ मुल्क, संविधान, लोकतंत्र, भाईचारा और एकता के लिए काम करना होगा और इसके प्रति गंभीर होना होगा क्योंकि इंसान और इंसानियत बचेगा तभी देश को मजबूत किया जा सकता है। लालू जी ने इंसान और इंसानियत के लिए जो काम किये हैं उसे मजबूती से आगे बढ़ाने की आवश्यकता है क्योंकि नफरत फैलाने वाले के खिलाफ इंसानियत व भाईचारा तथा गंगा-जमुनी संस्कृति से हीं देश को मजबूत किया जा सकता है। राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दिकी ने कहा कि आज अल्पसंख्यक समाज को वोट के लिए टारगेट किया जा रहा है और खास तौर से मुसलमान, इसाई, सिख निशाने पर हैं। उन्होंने आगे कहा कि अल्पसंख्यक समाज के बीच में संगठन की मजबूती के लिए काम करने की आवश्यकता है। इन्होंने आगे कहा कि लालू प्रसाद और तेजस्वी प्रसाद यादव ने हमेशा अल्पसंख्यक समाज के मसाएल को हल करने के दिशा में कार्य किया है और कभी भी उसूलो से समझौता नहीं किया। चाहे इसके लिए जो भी कठिनाईयां और तकलीफ झेलनी पड़ी हो लेकिन देश के अन्दर भाईचारा ओर संविधान बचाने के लिए मजबूती के साथ कार्य किया। राजद के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रधान महासचिव ने प्रदेश पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र पार्टी का प्रतीक गमछा और लालू जी के विचारो से संबंधित गोपालगंज टू रायसीना पुस्तक देकर सभी को सम्मानित किया साथ हीं कहा कि इस पुस्तक में दिये गये विचारों को आम जनों तथा अल्पसंख्यक समाज के बीच पहुंचाने का काम करेगा।


