पटना के पीएमसीएच का सीएम नीतीश ने किया औचक निरीक्षण, निर्माण कार्यों में तेजी लाने का अधिकारियों को दिया निर्देश
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन दिनों लगातार औचक निरीक्षण कर रहे हैं। कभी मंत्रियों के विभागीय दफ्तर में पहुंच जा रहे हैं, तो कभी अपने पार्टी के दफ्तर का दौरा कर के सबको चौंका दे रहे हैं। शनिवार के दिन भी अचानक पीएमसीएच का दौरा करने सीएम पहुंच गए। उन्होंने इस दौरान पीएमसीएच में हो रहे निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारी मुख्यमंत्री को निर्माण कार्य के बारे में जानकारी देते नजर आए। जायजा लेने के बाद सीएम ने स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत से कांफ्रेंस हॉल में पूरी जानकारी ली। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माणाधीन कार्यों को तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया। इसके पश्चात् कॉन्फ्रेंस हॉल में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल के रिडेवलपमेंट प्रोजेक्ट वर्क की प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान बताया गया कि 48 एकड़ में फैले पीएमसीएच का पुनर्विकास कार्य तेजी से किया जा रहा है। 5,462 बेड का यह अस्पताल बनेगा। इसका निर्माण कार्य तीन फेज में कराया जा रहा है। पहले फेज का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। प्रथम फेज में 2,073 बेड का निर्माण कार्य जल्द ही पूर्ण हो जाएगा और उसके बाद दूसरे तथा तीसरे फेज का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल को विश्वस्तरीय अस्पताल बनाया जा रहा है, जिसमें मरीजों को बेहतर ढंग की आधुनिक तकनीक से युक्त इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यहां कार्य करनेवाले चिकित्सकों से लेकर कर्मियों तक के लिए आवास का निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही पढ़नेवाले छात्र – छात्राओं के रहने के लिए भी बेहतर ढंग से छात्रावास का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने निर्देश देते हुए कहा कि पहले फेज का निर्माण कार्य पूर्ण होते ही दूसरे और तीसरे फेज का निर्माण कार्य भी तेजी से पूर्ण करें। जब यह पूरी तरह से बनकर तैयार हो जाएगा तो मुझे काफी खुशी होगी। पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल का जे०पी० गंगा पथ और अशोक राजपथ से बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करें ताकि मरीजों और उनके परिजनों को पीएमसीएच पहुँचने में कम समय लगे और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।


