पटना समेत पूरे राज्य में अगले दो दिनों तक बारिश से बढ़ेगी ठंड, कई जिलों में तेजी से गिरा तापमान

पटना। राज्य में आने वाले दिनों में बिहार में ठंड और बढ़ने वाली है। मौसम विभाग ने आज और कल बिहार के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। जहानाबाद, समस्तीपुर और पटना में सुबह से बादल छाए हुए हैं। जहानाबाद और पटना में देर रात हल्की बूंदाबांदी भी हुई है। मौसम विभाग के ताजा मौसम विश्लेषण के अनुसार एक चक्रवातीय परिसंचरण समुद्र तल से औसत 1.5 किमी ऊपर उत्तर मध्यप्रदेश के पास बना हुआ है। जिसके प्रभाव से 24 घंटे के दौरान राज्य के उत्तर पश्चिम एवं दक्षिण पश्चिम भाग के पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सारण, सीवान, बक्सर एवं कैमूर जिले के एक या दो स्थानों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के पश्चिमी भाग के एक या दो स्थानों में वज्रपात और मेघ गर्जन होने का पूर्वानुमान है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य का मौसम शुष्क रहा। राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस मोतिहारी और सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस सबौर और डेहरी में दर्ज किया गया। राज्य का औसत अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री और औसत न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा। साथ ही राज्य के अधिकांश भागों में सुबह के समय धुंध छाई रही। अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के अधिकांश भागों के न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने और उसके बाद अगले चार दिन तक मौसम के मिजाज में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है। जबकि सुबह में राज्य के उत्तर पूर्व भाग में हल्के स्तर का कुहासा एवं राज्य के अधिकांश भाग में सुबह के समय धुंध छाए रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटे के दौरान पटना सहित प्रदेश के 21 शहरों के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 29 नवंबर तक सूबे में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक की बढ़ोतरी होती रहेगी।
