August 12, 2026

पटना समते पुरे राज्य में दिवाली के बाद बदलेगा मौसम, बढ़ेगी ठंड

पटना। बिहार में पछुआ एवं उत्तर पछुआ का प्रवाह सतह से 5.8 किलोमीटर ऊपर तक बना हुआ है। इस कारण अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा। आंशिक रूप से कई जिलों में बादल छाए रहेंगे। पटना समेत राज्य के कई जिलों में सुबह में हल्की धुंध के साथ आंशिक बादल छाए रहे। धूप कमजोर रही, इसलिए लोगों को सुबह और शाम में हल्की ठंड का अहसास हुआ। इसे ठंड का आगाज माना जा रहा है। लेकिन, मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार न्यूनतम तापमान घटकर 12-13 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाएगा, तब ठंड होगी।  इस बीच पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क रहा। अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस शेखपुरा और न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस बांका में दर्ज किया गया। वहीं राज्य का औसत अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस और औसत न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस रहा। बुधवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस कारण सुबह में काफी देर तक धुंध छाया रहेगा और लोगों को ठंड का एहसास होगा। हवा नहीं चलने के कारण आसमान में आंशिक रूप से बदला छाए रहेंगे। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में जारी उतार-चढ़ाव ने उत्तर बिहार के किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। हर दो दिन पर तापमान में थोड़ी कमी आने के बाद फिर से वृद्धि हो जा रही है। दिन व रात का तापमान सामान्य से अधिक हो जा रहा है। इस कारण किसान आलू व मक्का की बुआई करने से घबरा रहे हैं। अक्टूबर के मध्य से ही इन फसलों की बुआई होने लगती है। लेकिन इस बार मौसम की दगाबाजी से इन फसलों की बुआई में देरी हो रही है।

You may have missed