पूर्वी चंपारण : ग्रामीणों ने सांसद संजय जायसवाल का रास्ता रोका, बोले- आप इस सड़क पर पैदल चलकर दिखाइए
पूर्वी चंपारण। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के बंजरिया प्रखंड के सिसवा गांव में बदहाल सड़क से परेशान लोगों ने बेतिया के भाजपा सांसद डॉ. संजय जायसवाल को रोक दिया। सांसद ने लोगों को समझाया। सांसद के साथ हुई बातचीत के बाद ग्रामीण माने और लौट गए। सांसद अपने संसदीय क्षेत्र के उक्त गांव में मंगलवार को आयोजित पार्टी के एक कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे थे। लोगों ने कहा कि यहां की सड़क बदहाल है। एक बार इस सड़क पर खुद से पैदल चलकर दिखा दीजिए, जिस रास्ते से रोज हम लोग आना-जाना करते हैं। इसकी सुध कोई नहीं ले रहा है। इसके बाद सांसद ने किसी तरह से लोगों को शांत कराया। सांसद ने लोगों से कहा कि जहां भी सड़क नहीं बनी है, प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत उसका निर्माण कराया जाएगा। पूरे संसदीय क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाया है। बदहाल सड़कों की मरम्मत के लिए 31 अगस्त को सभी संबंधित अधिकारियों की बैठक बुलाई गई है। लोगों द्वारा रोके जाने पर सांसद ने कहा कि यह साजिश के तहत किया गया है। उन्होंने ग्रामीणों से बात की। उन्होंने कहा कि जिस सड़क की मांग लोग कर रहे थे, वह पंचायत से बननी है। पश्चिमी चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांव का दौरा कर क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानी व सेवानिवृत्त सैनिकों के घर पहुंच उनके स्वजन व उनको सम्मानित किया। उनके आंगन व दरवाजे से कलश में मिट्टी संग्रह की। भारत सरकार ने निर्णय लिया है कि जितने भी स्वतंत्रता संग्राम में भाग लेने वाले स्वतंत्रता सेनानी या लड़ाई में सैनिक शहीद हुए हैं, उनके यहां से मिट्टी लेकर दिल्ली में बने वॉर मेमोरियल में जाएगी। इससे वहां पर अमृतवाणी की स्थापना होगी।


