February 16, 2026

मुंगेर में माता-पिता के झगड़े से परेशान होकर बेटे ने की बाप की हत्या, चाकू से किए ताबड़तोड़ वार

  • आरोपी युवक बोला- मम्मी पापा की लड़ाई हुई मैं बीच-बचाव करने गया तो उन्होंने हमला किया, अगर मैं नहीं मारता तो वे मुझे मार देते

मुंगेर। बिहार के मुंगेर जिलें में एक बेटे ने अपने पिता पर चाकू से ताबड़तोड़ 15 वार किए। मां-पापा के झगड़े से परेशान होकर उसने अपने पिता की हत्या कर दी। आरोपी बेटे का कहना है कि बीती रात पापा-मम्मी में लड़ाई हो रही थी, मैं शांत कराने गया तो उन्होंने मुझ पर हमला कर दिया। बेटे ने मीडिया के सामने दिए अपने बयान में कहा कि मैंने अपने बचाव में चाकू से मारा। जिससे उनकी मौत हो गई। मृतक 58 साल के रेलकर्मी अनिल कुमार मंडल हैं, जो जमालपुर रेल कारखाने में टेक्निशियन थे। वारदात ईस्ट कॉलोनी थाना इलाके के नयागांव ठाकुरबाड़ी रोड की है। जहां अनिल मंडल अपनी पत्नी रीता देवी और 24 साल के इकलौते बेटे अर्णव कुमार के साथ रहते थे। घर के नीचे वाले हिस्से में अनिल मंडल के बड़े भाई सुनील कुमार मंडल अपने परिवार के साथ रहते हैं। वो पूरी घटना के चश्मदीद हैं। पुलिस ने फिलहाल बेटे और रेलकर्मी की पत्नी को हिरासत में ले लिया है। रेलकर्मी के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेजा गया है। सुनील मंडल ने बताया कि शुक्रवार रात 1 बजे अनिल मंडल के घर से अचानक बचाओ-बचाओ की आवाज आने लगीं। बड़े भाई और उनका परिवार चीख-पुकार की आवाज सुनते ही दौड़कर ऊपर आया। उन्होंने देखा कि अनिल मंडल खून से लथपथ हैं। इसके बाद अनिल को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। अनिल के गर्दन, कनपटी और शरीर पर चाकू से वार के 15 निशान थे।

घटना के प्रत्यक्षदर्शी सुनील कुमार मंडल ने बताया कि रेलकर्मी और उनकी पत्नी रीता देवी के बीच बनती नहीं थी। इसको लेकर हमेशा घर में विवाद होता रहता था। बीती रात भी झगड़ा हो रहा था। उसी बीच बचाओ-बचाओ की आवाज सुनाई दी। जब ऊपर गए तो पाया कि उनका बेटा अर्णव पिता पर चाकू से वार किए जा रहा था। चारों तरफ खून बिखरा पड़ा था। इसके बाद हम सभी मिलकर अनिल को अस्पताल ले गए। वहां उनकी मौत हो गई। मृतक के बेटे अर्णव ने बताया कि पिता नशे के आदी थी। शराब के नशे में वो हमेशा उसके और मां के साथ मारपीट और गाली-गलौज किया करते थे। पिता की इस हरकत से हम दोनों परेशान हो गए थे। शुक्रवार की शाम से पिता शराब के नशे में मां के साथ गाली-गलौज और मारपीट किए जा रहे थे। देर रात जब वो मां को बुरी तरीके से मार रहे थे, तो मैं बीच-बचाव में गया। उन्होंने मेरे पर भी वार कर दिया। बचाव में वहां रखे चाकू से पिता पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि घटना के बाद आनन-फानन में रेलकर्मी की पत्नी ने पुलिस से बचने के लिए और परिजनों को गुमराह करने के लिए फर्श से खून को साफ कर हटा दिया। हालांकि अभी भी घटनास्थल पर दीवार समेत अन्य जगहों पर खून के छींटे मौजूद हैं। पुलिस फिलहाल बड़े भाई सुनील के बयान पर मामल दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

You may have missed