जहानाबाद में एसटीएफ जवानों और हथियार तस्करों में मुठभेड़; 5, कई हथियार जब्त
जहानाबाद। बिहार के जहानाबाद जिलें के हुलासगंज हाई स्कूल के पास एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पांच हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही स्कॉर्पियो में एक 315 का रेगुलर राइफल, दोनाली बंदूक, एक रिवॉल्वर बरामद किया गया है। हुलासगंज थाना अध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार द्वारा हाई स्कूल के पास सड़क पर हाईवा खड़ा कर दिया गया था। दोनों तरफ से पुलिस मुस्तैद होकर पोजिशन में थी। इसी बीच एक स्कॉर्पियो खिजरसराय की ओर से तेज रफ्तार में पहुंची, लेकिन सड़क जाम होने के कारण कुछ पल ही रुकी। वहीं, पीछे से 5 गाड़ियों में सवार एसटीएफ के जवानों ने कूदकर स्कॉर्पियो को चारों ओर से घेर लिया। इस बीच गाड़ी में सवार हथियार तस्करों द्वारा गोली चलाई जाने की बात सामने आई है। इसके बाद एसटीएफ बल के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। पांचों को कब्जे में ले लिया गया। बताया गया कि पांचो फतुहा थाना के आसपास के रहने वाले हैं। बेलागंज थाना के किसी गांव से हथियार खरीद कर ले जा रहे थे। पुलिस को इसकी सूचना मिल चुकी थी। वहीं, गुप्त इनपुट के आधार पर पुलिस द्वारा उसका पीछा खिजरसराय थाना क्षेत्र से ही किया जा रहा था। एसडीपीओ ने बताया कि मामला हथियार तस्करी का है। इस मामले में गिरफ्तार लोगों के निशानदेही पर आगे की कार्रवाई और चल रही है। इस संबंध में विशेष रूप से जानकारी फिलहाल नहीं दी जा सकती है।


