February 17, 2026

देश को बचाने के लिए काफी कारगर साबित होगी ये महाबैठक : लालू यादव

बेंगलुरु। विपक्षी एकता की दूसरे दिन की बैठक बेंगलुरु में शुरू हो गई है। 2024 के आम चुनाव में भाजपा को हराने के लिए विपक्ष के 26 दल एक साथ आ रहे हैं। बैठक चार बजे तक चलेगी। इसके बाद सभी दलों के नेता संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इससे पहले 23 जून को पटना में 17 पार्टियां विपक्षी एकता की पहली बैठक में शामिल हुई थीं। पार्टी में फूट के बाद शरद पवार आज सीधे बैठक में शामिल होने बेंगलुरु पहुंचे। मंगलवार को होने वाली बैठक में कॉमन मिनिमम प्रोग्राम, राज्यवार गठबंधन, सीट शेयरिंग के अलावा महागठबंधन के नए नाम पर चर्चा हो सकती है। सभी दलों के साथ कोऑर्डिनेशन के लिए एक संयोजक की नियुक्ति पर चर्चा होगी। सूत्रों के मुताबिक, सोनिया गांधी या नीतीश कुमार में से किसी एक को संयोजक बनाया जा सकता है। सोनिया गांधी के नाम पर किसी भी दल को ऐतराज नहीं होगा, क्योंकि वो प्रधानमंत्री पद की उम्मीदवार नहीं होंगी। हालांकि, दावा ये भी किया जा रहा है कि कांग्रेस इस पद को लेकर विवाद की स्थिति में पीछे भी हट सकती है। वही बीजेपी को केंद्र की सत्ता से बेदखल करने के लिए साथ आए विपक्षी दलों की बैठक बेंगलुरु में शुरू हो गई है। बैठक में देशभर के 26 विपक्षी दलों के शीर्ष नेता शामिल हो रहे हैं। आरजेडी की तरफ से लालू प्रसाद और उनके बेटे डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव बैठक में शामिल हो रहे हैं। बैठक में शामिल होने से पहले लालू ने कहा कि यह बैठक देश को बचाने के लिए काफी जरूरी है। ये मीटिंग जरूरी क्यों है। इस सवाल का जवाब देते हुए आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद ने कहा कि यह बैठक देश के लिए काफी अहम है। देश और लोकतंत्र को बचाना है, इसलिए हर हाल में विपक्ष को एकजुट होना होगा। देश के किसान, मजदूर, नौजवान और अस्पसंख्यकों की रक्षा करना है। नरेंद्र मोदी के शासनकाल में सबकुछ समाप्त हो चुका है। वहीं इस बैठक में शामिल होने के लिए पिता लालू प्रसाद के साथ बेंगलुरु पहुंचे बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने भी अपने पिता के स्वर से स्वर मिलाते हुए कहा कि देश के लोकतंत्र, संविधान और भाईचारा को बचाने के लिए विपक्षी दल एकसाथ आए हैं। देश में जिस तरह से संवैधानिक संस्थानों का दुरुपयोग किया जा रहा है और जिस हिसाब से देश की संपत्तियों को बेचा जा रहा है और असर मुद्दों पर बात नहीं कर केंद्र की सरकार सिर्फ जहरीली बाते करने में लगी है।

You may have missed