January 28, 2026

विधानसभा की कार्यवाही शुरू ही बीजेपी का जोरदार हंगामा, मार्शल से बाहर निकाले गए दो विधायक

  • बीजेपी ने सदन की कार्यवाही का किया बहिष्कार स्पीकर बोले- ये लोग लोकतंत्र की हत्या करने वाले

पटना। बिहार विधानमंडल मानसून सत्र का आज चौथा दिन है। इस बीच आज सदन की कार्यवाही शुरु होते ही भाजपा के विधायक वेल में आकर हंगामा करने लगे। इस बीच नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिंहा सदन में बोलने को खड़े हुए तो इस अध्यक्ष अवधेश नारायण चौधरी चौधरी ने कहा कि पहले आप अपने विधायकों को अपने स्थान पर बैठने को कहें तभी आप को बोलने की अनुमति दी जाएगी जिसके बाद भाजपा के विधायक और जोरदार हंगामा करना शुरू कर दिए। जिसके बाद विस अध्यक्ष ने भाजपा विधायक जीवेश मिश्रा को मार्शल आउट करने का आदेश दिया। इसके साथ ही सदन के अंदर तख्ती दिखाने पर अध्यक्ष ने तख्ती छीनने का निर्देश मार्शलों को दिया। जिसके बाद मार्शल विधायकों के हाथों से तख्ती लेने लगे। विधानसभा मानसून सत्र के चौथे दिन सदन की कार्यवाही शुरू होते ही परंपरा के अनुसार नेता विरोधी दल विजय कुमार सिन्हा बोलने के खड़े हुए और उन्होंने कहा कि महागठबंधन सरकार की तरफ से पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख नौकरी की बात कही गई थी। उसका क्या हुआ। इसी दौरान बीजेपी ले विधायक वेल में प्रदर्शन करना शुरू कर दिए। जिसके बाद विस अध्यक्ष ने कहा कि – पहले आप अपने विधायक को शांत करवाएं और अपने स्थान पर बैठने को कहें। उसके बाद भी भाजपा के विधायक बात नहीं मानें तो विस अध्यक्ष ने हंगामा कर रहे लोगों को मार्शल आउट करवाने का निर्देश दे दिया। जिसके बाद भाजपा विधायक जीवेश मिश्रा, कुमार शैलेन्द्र को मार्शल ने घसीटते हुए बाहर कर दिया। इसके बाद बीजेपी विधायक कुर्सी पर चढ़कर नारेबाजी करने लगे। बीजेपी विधायक लगातार सदन में तानाशाही नहीं चलेगी, गुंडागर्दी नहीं चलेगी का नारे लगा रहे हैं। इस दौरान सदन में सीएम नीतीश कुमार मौजूद है। हालांकि, डिप्टी सीएम अब तक सदन में नहीं पहुंचे हैं।
मार्शल आउट के बाद बीजेपी का सदन से वॉकआउट
विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन भी विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया है। सदन की कार्यवाही शुरू होने के साथ ही बीजेपी विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया। जिसके बाद स्पीकर के आदेश पर बीजेपी विधायक जीवेश मिश्रा और बीजेपी विधायक शैलेंद्र पांडे को मार्शल ने सदन से बाहर निकाल दिया।इसके बाद बीजेपी के सभी विधायक वेल में आ गए और बाद में बीजेपी के विधायक सदन की कार्यवाही का बहिष्कार कर बाहर निकल गए। सदन की कार्यवाही शुरू होने के साथ ही बीजेपी ने 10 लाख सरकारी नौकरी का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने सदन में पूछा कि सरकार के 10 लाख नौकरी के वादे का क्या हुआ? समान काम समान वेतन का क्या हुआ? इसके बाद स्पीकर ने नेता प्रतिपक्ष को बात खत्म करने का आदेश दिया। जिसके बाद बीजेपी विधायक फिर से वेल में पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद स्पीकर ने सभी को वेल से हटाने का आदेश मार्शल को दिया। उसके बाद स्पीकर ने संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी को कहा कि वे अपने स्तर से प्रस्ताव दें, इस तरह से सदन नहीं चलेगा। इसपर संसदीय कार्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा कि आसन और सदन के प्रति जो विधायक सम्मान नहीं रखते, सरकार चाहती है कि उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। इसके बाद बीजेपी विधायक कुर्सी पर खड़े होकर हंगामा करने लगे। स्पीकर बार बार बीजेपी विधायकों को चेतावनी देते रहे बावजूद वे हंगामा करते रहे। इसी बीच स्पीकर की नजर हाथ में कागज लेकर हंगामा कर रहे बीजेपी विधायक शैलेन्द्र पांडे पर पड़ी और स्पीकर ने आदेश दिया कि मार्शल उनकी हाथ से कागज ले लें। इसके बाद बीजेपी विधायक सदन से वाक आउट कर गए। जिसपर स्पीकर ने कहा कि आपको जनता से कोई मतलब नहीं है। लोकतंत्र की हत्या करने वाले ये लोग हैं इसलिए इन लोगों को सदन में रहने और काम करने का कोई हक नहीं है। इधर, सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विधानसभा के पोर्टिको में बीजेपी विधायकों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान डिप्टी सीएम तेजस्वी के इस्तीफा, शिक्षकों को राज्य कर्मी का दर्जा देने की मांग को लेकर नारेबाजी की गई। मालूम हो कि, पिछले तीन दिनों से बीजेपी लगातार सदन में सरकार को घेर रही है। स्थिति यह है कि तीन दिनों में सिर्फ 60 से 70 मिनट ही सदन की कार्यवाही चली। हालांकि, तेजस्वी इसे बीजेपी की साजिश बता रहे हैं।

You may have missed