बिहार कांग्रेस ने पटना के कई जगहों पर दिया धरना, शकील अहमद बोले- राहुल ने गरीबों की आवाज उठाई तो उनके साथ ऐसा हुआ
- राहुल गांधी को कोर्ट से राहत नहीं मिलने पर बिहार कांग्रेस में आक्रोश, शकील अहमद बोले- जहां-जहां जुल्म होगा हम वहां-वहां अपनी आवाज बुलंद करेंगे
पटना। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद बिहार कांग्रेस में भी आक्रोश है। कांग्रेस के कई नेताओं सदाकत आश्रम सहित इनकम टैक्स गोलंबर पर धरना दिया। इसमें विधायक दल के नेता शकील अहमद खान की उपस्थिति खास रही। मोदी सर नेम पर बयान देने के बाद राहुल गांधी की लोकसभा की सदस्यता रद्द कर दी गई थी। कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान ने कहा कि हम लोग उस ट्रेंड के खिलाफ हैं जिसमें पिछले 9 वर्षों के शासनकाल में देशवासियों के ऊपर विभिन्न तरह के हमले हो रहे हैं। कांग्रेस पर इसलिए ज्यादा हमले हो रहे हैं कि देश में जहां- जहां जुल्म हो रहा है उसके खिलाफ आवाज उठा रही है। हम गरीब- गुरबा, दलितों, नौजवानों की आवाज उठा रहे हैं। राहुल गांधी जिस तरह से लोगों की आवाज उठा रहे हैं और संघर्ष कर रहे हैं उनकी आवाज को दबाने की लगातार कोशिश भाजपा कर रही है। कांग्रेस पार्टी तब तक धरना प्रदर्शन करती रहेगी जब तक सरकार को जमीन पर ना उतार दें।
शकील अहमद ने पेशाब कांड पर भी कसा तंज
भाजपा का कहना है कि राहुल गांधी से जुड़ा मामला कोर्ट से जुड़ा हुआ है, इस सवाल पर शकील अहमद खान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जो कहे उसे हर चीज की छूट है,अंग्रेजों के जमाने में अंग्रेजों की मुखबरी करने की छूट थी, देश में फूट डालो शासन करो की छूट थी। उनके ऊपर क्या रिएक्ट करना। अपना काम जनता के बीच रहकर बुलंदी से करेंगे। हम आम जनता को यह मैसेज देना चाहते हैं कि उठो जागो, चलो। जब तक आगे बढ़कर अपने खिलाफ हो रहे हमले के खिलाफ नहीं बोलेंगे कुछ नहीं होगा। मध्य प्रदेश में सभी लोगों ने देखा कि किस तरह एक गरीब आदमी पर भारतीय जनता पार्टी का आदमी पेशाब कर रहा था। हम इस तरह की सरकारों के खिलाफ हैं। जनता को इस तरह के ट्रेंड के खिलाफ सड़क पर उतरने की बहुत जरूरत है।


