December 5, 2025

बिहार में 10 जुलाई से 14 जुलाई तक चलेगा विधानमंडल का मानसून सत्र, कई मुद्दों पर सरकार को घेरेगा विपक्ष

पटना। बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र 10 जुलाई से 14 जुलाई तक संचालित होगा। 5 दिनों के मानसून सत्र में वित्तीय वर्ष 2023-24 का प्रथम अनुपूरक बजट भी पेश किया जाएगा। उसी दौरान उस पर चर्चा होगी और सरकार की ओर जवाब भी दिया जाएगा। पिछले साल जून महीने में बिहार विधान मंडल का मानसून सत्र आगाज हुआ था लेकिन इस बार मानसून सत्र जुलाई में होने जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी और विधान परिषद सभापति देवेश चंद्र ठाकुर की सहमति के बाद 10 जुलाई से 14 जुलाई तक मानसून सत्र की तिथि सरकार को भेजी गई है। कैबिनेट की मुहर लगने के बाद इसे राज्यपाल की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।
सरकार को घेरने की तैयारी में विपक्ष
पूर्व सीएम जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के महागठबंधन से निकलने के बाद यह मानसून सत्र हो रहा है। मानसून सत्र से पहले विपक्षी दलों की पटना में बैठक होने जा रही है। मानसून सत्र हंगामेदार होने के पूरे आसार हैं। सरकार इस दौरान कई महत्वपूर्ण विधेयक भी लाएगी। वहीं विपक्ष की ओर से छोटा सत्र के बावजूद सरकार को घेरने की कोशिश होगी। बिहार में लगातार अब छोटे मानसून सत्र की परंपरा चल पड़ी है। 5 दिन से 7 दिन का मानसून सत्र ही संचालित किया जा रहा है। हालांकि कुछ साल अपवाद भी रहे हैं। लोकसभा चुनाव के कारण 2014 और 2019 में अधिक दिनों तक मानसून सत्र चला था। वहीं 2019 में 21 दिनों तक सत्र संचालित हुआ था।

You may have missed