December 5, 2025

नीतीश कैबिनेट का विस्तार : रत्नेश सदा ने ली पद और गोपनीयता की शपथ, सीएम समेत कई नेता रहे मौजूद

  • राज्यपाल ने दिलाई मंत्री पद की शपथ, मंत्री बनने के बाद भावुक दिखे जदयू विधायक

पटना। बिहार में आज नीतीश कैबिनेट का विस्तार हुआ। इस कैबिनेट विस्तार में जदयू विधायक रत्नेश सदा ने मंत्री पद का शपथ लिया। सदा को पहली बार मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। यह सहरसा के सोनबरसा से जदयू के विधायक हैं। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने राजभवन में विधायक रत्नेश सादा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई है। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव समेत तमाम मंत्रियों और आला अधिकारी मौजूद रहे। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण विभाग के मंत्री रहे संतोष कुमार मांझी के इस्तीफा के बाद रत्नेश सदा का शपथ ग्रहण हो रहा है। यह माना जा रहा है कि रत्नेश सदा को अनुसूचित जाति-जनजाति विभाग की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। सीएम नीतीश कुमार ने जीतन राम मांझी को सरकार से बाहर जाने के बाद मांझी समुदाय में अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखने को लेकर रत्नेश सदा को कैबिनेट में शामिल कराया है। जेडीयू विधायक रत्नेश सदा सरल स्वभाव के व्यक्ति हैं। उनके पिता लक्ष्मी सदा मजदूर रहे हैं। खुद रत्नेश सदा ने लम्बे समय तक रिक्शा चलाया है। अब नीतीश कैबिनेट में मंत्री बनकर विभाग चलाएंगे। रत्नेश सदा जेडीयू के उन नेताओं में से एक हैं, जिनपर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भरोसा करते हैं। यही वजह है कि रत्‍नेश सदा को नीतीश कैबिनेट में जगह मिली है। रत्नेश सदा लगातार तीसरी बार जेडीयू से सोनबरसा विधानसभा से जीतकर विधायक हैं इससे एक दिन पहले नीतीश कुमार द्वारा उन्हें मंत्री बनाए जाने को लेकर जब निर्णय लिया गया तो वो भावविभोर हो गए और उनके आंखों से आंसू निकलने लगे।

You may have missed