बहुचर्चित 55 किलो सोना लूट मामले में समस्तीपुर के विकास के घर पर छापेमारी,गिरफ्तारी बनी चुनौती

समस्तीपुर।(संजय ज्योति)समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय के शाहपुर पगड़ा गांव के विकास झा के घर पर समसतीपुर पुलिस ने बीती रात छापामारी की। हालांकि वांछित विकास पुलिस के हाथ नहीं लगा। एसपी विकास वर्मन ने बताया कि मुख्यालय के आदेश पर हाजीपुर में मुथुट फाइनेंस से 55 किलो सोना लूट के मामले में चिह्नित किये गये विकास के घर पर पुलिस ने छापेमारी की थी, लेकिन वह फरार मिला। फिलहाल गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम उसकी तलाश में है। उसके सभी संदिग्ध ठिकानों का पता लगाया जा रहा है। विदित हो कि हाजीपुर में सोना लूट मामले में जिन अपराधियों को चिह्नित किया गया है उसमें दलसिंहसराय का विकास झा भी शामिल है।

पहले से तलाश रही पुलिस: मुजफ्फरपुर के भगवानपुर चौक स्थित मुथुट फाइनेंस की शाखा में हुए लूट मामले में भी वह आरोपी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उसके घर पर कोर्ट के आदेश पर इश्तेहार भी चिपकाया था।
विकास की गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती: चर्चा है कि विकास की गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक चुनौती बनी हुई है। मुजफ्फरपुर में एक साल पूर्व 30 किलो सोना लूट मामले में भी उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस कई जगह छापेमारी की थी, लेकिन वह अब तक पुलिस के चंगुल में से बाहर है। लोगों में चर्चा है कि गिरफ्तारी में पुलिस की विफलता के कारण उसका मनोबल बढ़ा हुआ है। दूसरी बार सोना लूटकर उसने पुलिस को चुनौती दी है।
एक साल बाद घर पर चिपकाया इश्तेहार: विकास ने मुजफ्फरपुर में एक साल पूर्व मुथुट फाइनेंससे सोना लूट में अहम भूमिका निभायी थी। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए कई बार उसके घर पर छापा भी मारा था। लेकिन वह नहीं धराया। बाद में पुलिस शिथिल हो गयी। जब हाजीपुर में उसने एक बार फिर सोना लूट की घटना को अंजाम दिया तब पुलिस ने उसके घर पर इश्तेहार चिपकाया।
विदित हो कि बीते 23 नवंबर को बिहार के वैशाली जिले में लुटेरों ने बड़ी लूट को अंजाम देते हुए दिन दहाड़े करीब 55 किलो सोना लूट लिया। बाइक सवार सात लुटेरों ने 22 करोड़ रुपये का सोना लूट की घटना को अंजाम दिया था। घटना हाजीपुर के नगर थाना क्षेत्र के सिनेमा रोड स्थित जगदंबा इनक्लेव की पहली मंजिल पर हुई थी जहाँ मुथूट फाइनेंस की शाखा पर नकाबपोश सात बदमाशों ने धावा बोल 55 किलो सोना लूट लिया था।