January 24, 2026

बिहार में मौसम बदलाव के बाद पटना समेत कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट; वज्रपात के साथ होगी ओलावृष्टि, गिरेगा तापमान

पटना। राजधानी समेत प्रदेश में होली के बाद से मौसम के मिजाज में लगातार बदलाव बना हुआ है। प्रदेश में ठंडी हवा का प्रवाह होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ वायुमंडल के मध्य में स्थित है। वहीं, एक ट्रफ रेखा झारखंड से छत्तीसगढ़ होते हुए तेलगांना तक बना हुआ है। इनके प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण पूर्व भागों के भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया के एक या दो स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ हल्की वर्षा के आसार हैं। भागलपुर में दो दिन बाद 17 से 19 मार्च तक बारिश की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी। बुधवार से ही आकाश में आंशिक बादल छाने लगेंगे। धीरे-धीरे बादल घने होते जाएंगे, जिसके बाद गरज के साथ बारिश होगी। ठनका और ओला गिरने की भी संभावना है। इस दौरान हवा तेज गति से चलेगी। स्थानीय मौसमी कारकों की वजह से भागलपुर और आसपास के क्षेत्र में मध्यम बारिश हो सकती है। कहीं कम तो कहीं ज्यादा बारिश होगी। बारिश 10 एमएम से 40 एमएम तक हो सकती है। 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर पश्चिम हवा चलेगी। आसमान में बादल छाए रहने के कारण धूप-छांव की स्थिति बनी रहेगी। उसके बाद मौसम साफ हो जाएगा।

वहीं, गुरुवार को बिहार के उत्तर पूर्व, उत्तर मध्य व दक्षिण पूर्व हिस्सों के एक या दो स्थानों पर बिजली चमकने के साथ मेघ गर्जन की संभावना है। इन सभी मौसमी प्रभावों को देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने येलो अलर्ट जारी करते हुए किसान भाइयों को सर्तक रहने की सलाह दी है। तीन दिनों के बाद अधिकतम तापमान में आंशिक गिरावट के आसार है। वही  बीते 24 घंटों के दौरान पटना के अधिकतम तापमान में 0.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 34.0 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

You may have missed