February 18, 2026

आरा में शिकारियों ने प्रतिबंधित काले हिरण को मार डाला, चमड़ा सहित सभी अंग लेकर हुए फरार

भोजपुर। आरा के उदवंतनगर प्रखंड के कोहड़ा बांध के आसपास विचरण करने वाले हिरणों पर शिकारियों की नजर है। दो दिन पहले शिकारियों ने सोनमपुर पंचायत अंतर्गत कोहड़ा बांध के छलका के समीप एक काला हिरण (ब्लैक बक) को मार दिया। इसके बाद शिकारी उसके चमड़े से लेकर सभी अंगों को निकाल कर फरार हो गए। काला हिरण की शिकार की सूचना चरवाहों ने गांव वालों को दी, जिसके बाद गांव वाले मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर काला हिरण के रक्त बिखरे पड़े थे। ग्रामीणों ने मोबाइल के कैमरे से इसकी तस्वीर भी ली। काला हिरण की निर्मम हत्या किए जाने का मामला लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। बताया जा रहा है कि अज्ञात लोगों ने लुप्तप्राय काला हिरण को घेर कर हत्या कर दी और नदी किनारे झुरमुट में काट कर उसके मांस, चमड़ा, सींग सभी अपने साथ लेकर फरार हो गए। मौके पर साक्ष्य के रूप में खून के निशान को छोड़कर कुछ नहीं छोड़ा। बांध के समीप नदी किनारे चरवाहों ने अज्ञात लोगों को हिरण को घेर कर मारते देखा।

वही पूछताछ करने पर लोगों ने बताया कि हिरणों के झुंड में दो काला हिरण थे। फसल नुकसान करने के बावजूद आसपास के ग्रामीण हिरणों को नहीं मारते हैं। रघुपुर निवासी राम ईश्वर सिंह ने बताया कि काला हिरण देखने में बहुत सुंदर था। उसके बड़े-बड़े सींग थे। एक को अज्ञात लोगों ने मार दिया। कोहड़ा गांव के संजय कुमार ने बताया कि हिरण का चमड़ा और सींग काफी महंगा है। कोहड़ा बांध का इलाका काफी निर्जन है। हिरणों का जीवन खतरे में है। वन विभाग को पहल करनी चाहिए। थानाध्यक्ष शशिभूषण प्रसाद से इस संबंध में पूछने पर उन्होंने बताया कि पुलिस को इस तरह की कोई सूचना नहीं है। इधर, वन विभाग के रेंजर ने कहा कि वे ग्रामीणों से पूछताछ कर इसकी जांच कराएंगे और कानूनी कार्रवाई की पहल होगी। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से हर संभव प्रयास करेगा।

You may have missed