सीवान में 80 रुपये के विवाद में बीएसएफ जवान ने युवक को मारी गोली, हथियार के साथ गिरफ्तार

सीवान। बिहार के सीवान जिले के महराजगंज के पोखरा बाजार का है। यहां महज 80 रुपए के विवाद में एक शख्स को गोली मार दी गई। गोली मारने का आरोप एक बीएसएफ जवान पर है। गोली लगने से शख्स बुरी तरह जख्मी हुआ है। घायल व्यक्ति पोखरा गांव का रहने वाला मुन्नीलाल राम है। घटना के बाद तत्काल उसे इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया। जहां से डॉक्टरों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं उसका इलाज चल रहा है। इधर स्थानीय लोगों ने घटना के बाद भाग रहे आरोपी को पकड़ लिया। जिसे बाद में पुलिस को सौप दिया गया। वही पोखरा बाजार पर मुन्नीलाल राम को गोली मारने का आरोप रतनपुरा गांव के रहने वाला उज्जवल पांडेय पर लगा है। एसपी शैलेश कुमार सिन्हा ने बताया कि उज्जवल सीमा सुरक्षा बल का जवान है, जो फिलहाल त्रिपुरा में पोस्टेड है। हाल ही में वो छुट्टी लेकर अपने घर आया था। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल, दो मैगजीन, 4 जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की है। बताया जा रहा है कि उज्ज्वल पांडेय और मुन्नीलाल राम में सिर्फ 80 रुपए को लेकर विवाद हो गया था। इससे उज्जवल बुरी तरह भड़क गया और उसने मुन्नीलाल राम को गोली मार दी। फिलहाल पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है।

 

You may have missed