पूर्व मध्य रेल को आम बजट में आवंटित की गई 6549 करोड़ की राशि, पिछली बजट से है 35% अधिक

पटना। पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने महेन्दू घाट में आम बजट 2022-23 के रेल भाग पर आधारित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने बजट में पूर्व मध्य रेल की रेल परियोजनाओं, यात्री सुविधा, संरक्षा, आधारभूत संरचना के उन्नयन कार्य के लिए आवंटित राशि सहित अन्य प्रावधानों से पत्रकारों को अवगत कराया। इस अवसर पूर्व मध्य रेल के अन्य उच्चाधिकारी उपस्थित थे।
कुल 12,606 करोड़ रूपए का प्रावधान
सीपीआरओ राजेश कुमार ने बताया कि पूर्व मध्य रेल को बजट 2022-23 में 6549 करोड़ रूपए की राशि आवंटित की गई है, जो पिछली बजट (2021-22) में आवंटित राशि की तुलना में लगभग 35 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा आंतरिक संसाधनों, पीपीपी सहित अन्य माध्यमों से लगभग 6057 करोड़ रूपए का निवेश जाएगा। इस प्रकार दोनों मिलाकर कुल 12,606 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है।
एक नई दिशा देने वाला बजट
आम बजट में भारतीय रेल के विकास से संबंधित मुख्य बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए सीपीआरओ ने कहा कि यह बजट रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित, पर्यावरण अनुकूल, सस्ती और आरामदायक परिवहन के रूप में बदलने के लिए नए भारत का बजट है। यह देश को एक नई दिशा देने वाला बजट है।
बिहार की परियोजनाओं हेतु आवंटित राशि
उन्होंने कहा कि राज्यवार बजट आवंटन के दृष्टिकोण से देखा जाए तो इस बार के बजट में बिहार में चल रही नई रेल लाईनों के निर्माण, आमान परिवर्तन और दोहरीकरण से जुड़ी 57 परियोजनाओं (पूर्व मध्य रेल के साथ-साथ अन्य क्षेत्रीय रेलों की परियोजनाएं भी शामिल) के लिए रिकॉर्ड 6606 करोड़ रूपए का आवंटन किया गया है। राज्य के लिए वर्ष 2022-23 का यह कुल बजट आवंटन वर्ष 2009-14 के औसत बजट आवंटन 1132 करोड़ रूपये की तुलना में 484 प्रतिशत अधिक है।
पूर्व मध्य रेल को कुछ प्रमुख मदों हेतु आवंटित राशि
नईलाइन परियोजना के लिए 3438 करोड़, आमान परिवर्तन कार्य के लिए 265 करोड़, दोहरीकरण परियोजना के लिए 3028 करोड़, सड़क संरक्षा कार्य (समपार) के लिए 88.5 करोड़, सड़क संरक्षा कार्य (आरओबी/आरयूबी) के लिए 453.74 करोड़, रेल पथ नवीकरण के लिए 620 करोड़, उपभोक्ता सुविधाओं के विकास के लिए 487.20 करोड़, सिग्नल एवं दूरसंचार संबंधी कार्य के लिए 150 करोड़, बिजली संबंधी अन्य कार्य के लिए 972.39 करोड़, पुल संबंधित कार्य के लिए 75 करोड़, वर्क्सशाप के लिए 105 करोड़ और यातायात सुविधा के लिए 67 करोड़ रूपए की राशि आवंटित की गई है।
अन्य महत्वपूर्ण कार्यों के लिए आवंटन
* सोननगर-दुर्गावती के बीच 17 आरओबी (डीएफसी) का निमार्ण हेतू 68 करोड़।
* सोननगर-गढ़वा रोड के मध्य 8 व आरा-सासाराम रेलखंड पर 60 समपारों के बदले कुल 68 एलएचएस के निर्माण हेतु 12 करोड़।
* पूर्व मध्य रेल के 7 विभिन्न स्टेशनों पर इंटीग्रेटेड सिक्यूरिटी सिस्टम हेतु 1.11 करोड़।
* प्रमुख स्टेशनों पर लिफ्ट के प्रावधान हेतु 1.27 करोड़।
* प्रमुख स्टेशनों पर एस्केलेटर के प्रावधान हेतु 4.27 करोड़।
* स्टेशनों पर एएफओबी हेतु 68.40 करोड़।
* स्टेशनों के उन्नयन एवं सुधार कार्य हेतु 25 करोड़।
* गया मेमू शेड के लिए 8 करोड़ और
* बरौनी बाईपास स्टेशन पर यातायात सुविधाओं में सुधार हेतु 27 करोड़ रूपये का आवंटन किया गया है।
