63246 डाउन सवारी गाडी में सवार होने के दौरान एक महिला यात्री से पर्स छीना, दो महिला समेत तीन आरोपित गिरफ्तार
संवाद सहयोगी, मसौढी। पटना-गया रेलखंड के तारेगना स्टेशन पर 63246 डाउन सवारी गाडी में सवार होने के दौरान एक महिला यात्री से उसका पर्स छीनते एक बदमाश को यात्रियों ने मौके से पकड लिया।साथ ही दो महिला बदमाशों को भी यात्रियों ने तारेगना स्टेशन पर पकड लिया। बाद में तीनों को जीआरपी को उन्होंने सौंप दिया। इस संबंध में महिला यात्री सह अरवल जिला के कुर्था थाना के गंगापुर निवासी सुहैल आलम की पत्नी खुर्शीदा खातुन ने जहानाबाद जिला के काको थाना के नगमा ग्रामवासी युगल पासवान के पुत्र चंदन कुमार, काको थाना के बीबीपुर ग्रामवासी दारा सिंह गुलगुलिया की पुत्री शकीना कुमारी व बब्लू गुलगुलिया की पुत्री सुरूचि कुमारी के खिलाफ जीआरपी में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मिली जानकारी के मुताबिक खुर्शीदा खातुन शुक्रवार को 63246 डाउन सवारी गाडी से तारेगना से पटना जा रही थी। वह जैसे ही ट्रेन पर सवार होने लगी चंदन कुमार ने उसका पर्स झपट लिया और प्लेटफार्म पर खडी शकीना कुमारी व सुरूचि कुमारी को दे दिया। यात्रियों ने मौंके से तीनों आरोपितों को पकड लिया और बाद में उन्हें जीआरपी को सौंप दिया। बताया जाता है कि पर्स में खुर्शीदा खातुन का एक मोबाइल, आधार कार्ड,पैन कार्ड व मतदाता पहचान पत्र था। हालाकि यात्रियों द्वारा पकडे जाने के पूर्व आरोपितों ने उक्त पर्स किसी महिला को दे दिया। इस कारण पर्स उनके पास से बरामद नहीं हो सका। इधर जीआरपी ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपितों को शनिवार को जेल भेज दिया जाएगा।


