बिहार में पंचायत चुनाव संपन्न : अंतिम चरण में 62.81% हुई वोटिंग, 63,718 अभ्यर्थियों की किस्मत ईवीएम में कैद
पटना। बिहार में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का 11वां व अंतिम चरण शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। एकादश चरण में लगभग 62.81 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। रविवार को 11वीं चरण में पूर्वाह्न 7 बजे से अपराह्न 5 बजे तक राज्य के कुल 20 जिलों में 38 प्रखंड अंतर्गत 568 पंचायतों के 8,067 मतदान केन्द्रों पर लोगों ने वोट डाले। इसी के साथ कुल संख्या 63,718 अभ्यर्थियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है, जिसमें 29,539 पुरुष तथा 34,179 महिला अभ्यर्थी शामिल है। वहीं कुल 44,01,000 मतदाताओं में 23,24,546 पुरुष एवं 20,76,278 महिला और 176 अन्य मतदाता शामिल थे। इस दौरान 100 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया तथा 5 वाहन जब्त किया गया।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, एकादश चरण में पदों की कुल संख्या 17,286 है, जिसमें ग्राम पंचायत सदस्य पद का 7,649, ग्राम पंचायत मुखिया पद का 568, पंचायत समिति सदस्य पद का 772, जिला परिषद सदस्य पद का 80 सीट, ग्राम कचहरी पंच पद का 7,649 सीट तथा ग्राम कचहरी सरपंच पद का 568 सीट निर्धारित है। जिसमें 29,539 पुरुष अभ्यर्थियों में ग्राम पंचायत सदस्य पद पर 16,638 अभ्यर्थी, मुखिया पद पर 2,309, पंचायत समिति सदस्य पद पर 2,715, जिला परिषद् सदस्य पद पर 516, ग्राम कचहरी पंच पद पर 5,439 तथा ग्राम कचहरी सरपंच पद पर 1,922 अभ्यर्थी शामिल है। एकादश चरण में 34,179 महिला अभ्यर्थियों में ग्राम पंचायत सदस्य पद पर 18,856 अभ्यर्थी, मुखिया पद पर 2,405, पंचायत समिति सदस्य पद पर 2,850, जिला परिषद् सदस्य पद पर 487, ग्राम कचहरी पंच पद पर 7,870 तथा ग्राम कचहरी सरपंच पद हेतु 1,711 अभ्यर्थी शामिल है। इस चरण में कुल 2,147 अभ्यर्थी निर्विरोध निर्वाचित हो रहे है, जिसमें ग्राम पंचायत सदस्य पद पर 89, पंचायत समिति सदस्य पद हेतु 1 तथा ग्राम कचहरी पंच पद हेतु 2,057 अभ्यर्थी शामिल है। एकादश चरण में कुल 76 पदों पर किसी भी अभ्यर्थी द्वारा नाम निर्देशन पत्र जमा नहीं किये जाने के कारण उक्त 76 पद रिक्त रह गये, जिसमें 1 पद ग्राम पंचायत सदस्य पद हेतु एवं 75 पद ग्राम कचहरी पंच पद हेतु शामिल है।
एकादश चरण हेतु लगभग 11,237 पुलिस पदाधिकारी तथा 44,946 पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति विधि व्यवस्था संधारण हेतु किया गया था। मतदान केन्द्रों पर 54,757 मतदान पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति पर किया गया। विधि व्यवस्था के संधारण के क्रम में जिलों द्वारा अब तक 1100 लाईसेंस रहित शस्त्र, 5143 कारतूस, 28 बम, 1090 अन्य अवैध वस्तुएं तथा 36 विस्फोटक पदार्थ जब्त किया गया एवं 21 अवैध रूप से संचालित शस्त्र निर्माण स्थलों को सीज किया गया। वहीं पंचायत आम निर्वाचन 2021 के शांतिपूर्ण संचालन हेतु कुल अनुज्ञप्ति प्राप्त 83,055 शस्त्रों में से 52,245 शस्त्रों का सत्यापन किया गया तथा 1,317 शस्त्रों को निरस्त किया गया। जिलों द्वारा विधि व्यवस्था के संधारण के क्रम में अबतक 6,39,867 व्यक्तियों के विरूद्ध अपराध प्रक्रिया संहिता के तहत नोटिस निर्गत किया गया। जिसके विरुद्ध 336,811 व्यक्तियों द्वारा बंध पत्र जमा करवाया गया।
अवैध गतिविधियों एवं वस्तुओं के आवागमन पर प्रतिबंध लगाने के लिए जिलों द्वारा विभिन्न 4,059 स्थानों पर चेकपोस्ट बनाया गया है तथा 294 स्थलों पर स्थैतिक निगरानी दलों की नियुक्ति की गई है। पुलिस एवं उत्पाद विभाग द्वारा अबतक 6643149.8 लि. अवैध शराब जब्त किया गया तथा 37,202 अवैध शराब निर्माण भट्टियों को पुलिस द्वारा जब्त किया गया।
जिलों द्वारा स्थापित चेक पोस्ट तथा स्थैतिक निगरानी दल द्वारा वाहनों की जांच के क्रम में 12,48,31,313 रूपया जुर्माने के रूप में वसूल किया गया। अपराध नियंत्रण अधिनियम (सीसीए) के तहत 6,474 प्रस्ताव के विरूद्ध 4,646 आदेश विभिन्न जिलों द्वारा पारित किए गए।
वाहन के दुरूपयोग हेतु कुल 162 लाउडस्पीकर एक्ट के तहत कुल 126, अवैध सभा, भाषण हेतु कुल 91, निर्वाचकों को नगद देने हेतु कुल 65 मामलों पर आवश्यक कार्रवाई की गई तथा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों द्वारा अब तक 36,04,472 रुपए तथा 405 अन्य वस्तु जब्त किया गया। इस दौरान कुल 4,459 भेदय टोलों की पहचान की गई है इनमें से 19,193 व्यक्तियों को भेद्यता के कारक के रूप में चिह्नित किया गया है। जिनमें से 13,303 व्यक्तियों के विरूद्ध निरोधात्मक कार्रवाई प्रारंभ की गई है।


