पटना में ज्वेलरी शॉप से 6.20 लाख की चोरी, CCTV में चोरों की हरकत कैद, फोर व्हीलर से आए थे सभी
पटना। पटना के एक ज्वेलरी शॉप में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देकर चोरों ने पटना पुलिस की सुरक्षा किलेबंदी की पोल खोलकर रख दी है। बता दें बीते दिन चोरों ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा के एयरपोर्ट थाना अंतर्गत कौटिल्य नगर आवास में चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
शुक्रवार देर रात राजधानी के रूपसपुर थाना क्षेत्र के लोहिया पथ इलाके में लक्ष्मी ज्वेलर्स में चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने आराम से लॉक तोड़ा और फिर 6 लाख रुपए के सोने-चांदी की ज्वेलरी, 20 हजार रुपए कैश पर हाथ साफ कर दिया। चोर इतने शातिर थे कि शॉप में लगे डीवीआर को खोलकर अपने साथ लेते गए। लेकिन, रोड साइड लगे सीसीटीवी में शातिरों की पूरी हरकत कैद हो गई है।
दुकान के मालिक कुंदन कुमार वर्मा, जो दानापुर में शगुना मोड़ के पास रहते हैं, ने शनिवार को बताया कि वे करीब दो साल से लोहिया पथ में अपनी ज्वेलरी शॉप चला रहे हैं। मकान मालिक चंदन कुमार ने कॉल कर सुबह-सुबह घटना की जानकारी दी। उन्होंने ही बताया कि शटर का लॉक टूटा हुआ है। तब जाकर चोरी की जानकारी मिली। इसके बाद आकर शॉप का हाल देखा। फिर रूपसपुर थाना को लिखित आवेदन किया गया। उन्होंने बताया कि शॉप में चोरी की इस वारदात को आधी रात के बाद अंजाम दिया गया है। अपराधी शॉप के शटर के 4 लॉक और उसमें लगे 2 ताले को काट अंदर गए थे। आलमीरा और तिजोड़ी के हर एक लॉक को काट दिया। फिर उसमें रखे ज्वेलरी और कैश लेकर चले गए। यहां तक की शॉप के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरा के डीवीआर भी चोर अपने साथ ले गए। रोड साइड लगे सीसीटीवी फुटेज से जो सबूत मिले हैं, के अनुसार चोर देर रात 12 बजे के करीब आए थे और 2 बजकर 52 मिनट पर जाते हुए दिखे। चोरी की वारदात में कुल 5 अपराधी शामिल थे। इसमें 4 अपराधी शॉप के अंदर गए। जबकि एक अपराधी फोर व्हीलर कार को ड्राइवर कर रहा था। सभी अपराधियों ने मास्क और गमछा से अपने चेहरे को ढक रखा था। लौटते समय उनके हाथ में झोला था। इसके बाद कार में बैठकर फरार हो गए। इधर पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। फुटेज के आधार पर चोरों को पहचानने में जुटी है।


