BIHAR : NMCH और AIIMS में 5 कोरोना संक्रमितों की मौत, बांका में ASI और जमुई में महिला की मौत

file photo

पटना। बिहार में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। 24 घंटे में राज्यभर में 7870 नए मामले आए हैं। इनमें सिर्फ पटना में 24 घंटे में 1898 कोरोना संक्रमित मिले हैं। चिंता की बात यह है कि रिकवरी रेट भी कम हो गया है और इसका दायरा दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। शनिवार को पटना के एनएमसीएच में 2 महिला और एक पुरुष कोरोना मरीज की मौत हो गई। दोनों महिलाओं की उम्र 60 और 48 वर्ष थी जबकि पुरुष मरीज की उम्र 55 साल थी। तीनों पटना के विभिन्न इलाकों के रहने वाले थे। जबकि पटना एम्स में भी दो मरीजों ने दम तोड़ दिया है।
बीएमपी-2 के एएसआई और स्वास्थ्यकर्मी की बहन की मौत
उधर, बांका में एक एएसआई की कोरोना से मौत हो गई। बीएमपी-2 के एएसआई जियाउल की कोरोना से मौत की पुष्टि एसपी अरविंद कुमार गुप्ता ने की। कोरोना संक्रमित होने के बाद बेलहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उसे भर्ती किया गया था। आक्सीजन लेवल कम होने की वजह से भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन, बेड नहीं रहने की वजह से एंट्री नहीं मिली। बांका के डीएम सुहर्ष भगत ने मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन, शुक्रवार की देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई है। मृतक मूलत: कैमूर का रहने वाला था।
जबकि, जमुई में सदर अस्पताल में काम करने वाले स्वास्थ्यकर्मी की बहन की जान चली गई। महिला का इलाज के दौरान मौत हो गई। पिछले 3 दिन से वह सदर अस्पताल में भर्ती थी। उसका भाई अस्पताल में ही स्वास्थ्यकर्मी है।

You may have missed