देश के 3 विभूतियों को सर्वोच्च सम्मान ‘भारत रत्न’ देना केंद्र का स्वागत योग्य फैसला : नीतीश कुमार
पटना। बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव व प्रसिद्ध कृषि वैज्ञानिक एम।एस। स्वामीनाथन को देश का सर्वोच्च सम्मान ‘भारत रत्न’ दिए जाने के फैसले को स्वागत योग्य बताया है। उन्होंने इसके लिए केन्द्र सरकार को धन्यवाद किया है। मुख्यमंत्री नीतीश ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह समाजवादी आन्दोलन के बड़े नेताओं में से एक थे। वे किसानों के अधिकार व उनके कल्याण के लिये हमेशा समर्पित रहे। उन्होंने आगे कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव का देश की प्रगति में अमूल्य योगदान रहा है। नरसिम्हा राव ने देश की समृद्धि व विकास के लिये आर्थिक सुधारों की नींव रखी जिससे भारत की आर्थिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त हुआ। मुख्यमंत्री नीतीश ने आगे कहा कि डॉ. स्वामीनाथन को भारत के हरित क्रांति का पिता भी कहा जाता है, वे महान कृषि वैज्ञानिक थे। उन्होंने कृषि क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किये, जिससे देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित हुयी। सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार का यह निर्णय स्वागत योग्य है।


