नीट 2025 की परीक्षा के लिए 23 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने भरा फॉर्म, 4 मार्च को होगा एग्जाम

नई दिल्ली। मेडिकल क्षेत्र में युवाओं का रुझान लगातार बढ़ रहा है। नीट यूजी-2025 के लिए 23 लाख से अधिक छात्रों ने आवेदन किया है। यह परीक्षा 4 मई को आयोजित होगी। हालांकि, पिछले साल 24 लाख छात्रों ने आवेदन किया था, जिनमें से 23.33 लाख परीक्षा में शामिल हुए थे। नेशनल मेडिकल कमीशन के अनुसार, देश में वर्तमान में 779 सरकारी और प्राइवेट मेडिकल कॉलेज हैं, जिनमें कुल 1,17,950 एमबीबीएस सीटें उपलब्ध हैं। इसका मतलब है कि हर सीट के लिए 19 छात्र दावेदार हैं। बीते पांच वर्षों में 8 लाख से अधिक छात्र बढ़े हैं, लेकिन सीटें केवल 33,000 ही बढ़ पाई हैं।
नीट में लड़कियों की भागीदारी ज्यादा
नीट में हर साल लड़कियों की संख्या अधिक रहती है। 2024 में 57.2% लड़कियों ने आवेदन किया था, जबकि 2023 में यह आंकड़ा 56.7% और 2022 में 53.5% था। 2019 से लगातार लड़कियों की भागीदारी बढ़ रही है। एमबीबीएस के अलावा अन्य चिकित्सा पाठ्यक्रमों में भी छात्रों की रुचि बढ़ रही है। मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट अब सिर्फ एमबीबीएस तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए बीडीएस, आयुर्वेद और होम्योपैथी पाठ्यक्रमों में भी प्रवेश मिल रहा है। 12वीं में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी लेने वाले छात्रों के लिए नीट ही एकमात्र विकल्प है। कई छात्र 530 से अधिक अंक लाने के बावजूद उच्च स्कोर के लिए पुनः परीक्षा देते हैं, जिससे हर साल आवेदनकर्ताओं की संख्या बढ़ रही है।
2024 में सबसे ज्यादा रजिस्ट्रेशन, इस साल संख्या घटी
2024 में अब तक के सबसे अधिक 24 लाख रजिस्ट्रेशन हुए, जो 2023 से तीन लाख ज्यादा थे। यह पिछले सात वर्षों में सबसे बड़ी वृद्धि थी। हालांकि, 2025 के लिए आवेदन करने वालों की संख्या घटकर 23 लाख रह गई है, जिसका एक कारण पिछले साल का नीट विवाद भी माना जा रहा है।
