पटना एम्स में दो दिनों में कोरोना से 23 मरीजों की मौत, 43 लोगों ने कोरोना को हराया
file photo
फुलवारी शरीफ। पटना एम्स में दो दिनों के अंदर (शनिवार और रविवार) पटना, कटिहार, गया, मध्यप्रदेश, सिवान, वैशाली, रांची, जमुई, सारण समेत 23 लोगों की मौत कोरोना से हो गयी, जबकि 66 नए कोरोना पॉजिटिव मरीजों को एडमिट किया गया है। इनमें सबसे ज्यादा पटना के पॉजिटिव मरीज हैं। मृतकों में चीफ पोस्टमास्टर जनरल अनिल कुमार व एक डॉक्टर समेत 23 मरीज शामिल हैं।
एम्स कोरोना नोडल आफिसर डॉ. संजीव कुमार के मुताबिक पटना एम्स में बोरिंग रोड के 82 वर्षीय मजाहिर हसन, पटना के 57 वर्षीय अनिल कुमार, बेली रोड के 59 वर्षीय चाणक्य कुमार सिंह, शास्त्रीनगर के 32 वर्षीय रंजीत कुमार सिंह, बांकीपुर के 63 वर्षीय भूषण कुमार, बोरिंग कैनाल रोड के 66 वर्षीय डॉ. कृष्णा कुमार, राजापुर के 70 वर्षीय अमलेश कुमार सिंह, नालंदा के 47 वर्षीय मनोरंजन कुमार, फुलवारीशरीफ की 54 वर्षीय शकीला खातून, खलीलपुरा के 62 वर्षीय जमशेद अख्तर, लोहानीपुर की 57 वर्षीय मंजू देवी, गर्दनीबाग के 92 वर्षीय विदानंद पांडेय, यारपुर की 53 वर्षीय उषा किरण, पीरबहोर के 72 वर्षीय डॉ. हुसैन अहमद, खगौल के 45 वर्षीय संजीव कुमार, भोजपुर की 75 वर्षीय सरोजनी सिन्हा, राजीव नगर की 52 वर्षीय संगीता कुमार सिंह, जानीपुर के 72 वर्षीय विदेश्वर राय, सारण के 68 वर्षीय विनोद कुमार सिंह, पटना की 71 वर्षीय माया सिन्हा, भोजपुर के 56 वर्षीय प्रकाश मिश्रा, मुजफ्फरपुर के 56 वर्षीय विनोद कुमार रजक जबकि कंकडबाग की 81 वर्षीय कांति शर्मा कि मौत कोरोना से हो गयी है। वहीं एम्स के आइसोलेशन वार्ड में 66 नये कोरोना पॉजिटिव मरीजों को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया है, जिसमें पटना के सबसे ज्यादा 56 लोगों समेत भोजपुर, कटिहार, बेगूसराय, मध्य प्रदेश, वैशाली, झारखंड, जमुई, सारण के मरीज शामिल हैं।
इसके अलावा एम्स में 43 लोगों ने कोरोना को मात दे दिया, जिन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। वहीं दो दिनों के अंदर आइसोलेशन वार्ड में एडमिट कुल 664 मरीजों का इलाज चल रहा था।


