2020 में अब तक की सबसे बड़ी जीत सुनिश्चित करें : आरसीपी सिंह
जदयू के चार प्रकोष्ठों के साथ चार पालियों में आरसीपी सिंह का वर्चुअल संवाद

पटना। जदयू के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) व राज्यसभा में दल के नेता आरसीपी सिंह ने बुधवार को गूगल मीट एवं फेसबुक लाइव के माध्यम से कुल चार पालियों में जदयू के चार प्रकोष्ठों से संवाद किया। ये चार प्रकोष्ठ हैं जदयू सेवादल प्रकोष्ठ, तकनीकी प्रकोष्ठ, समाज सुधार सेनानी प्रकोष्ठ एवं खेल-कूद प्रकोष्ठ। श्री सिंह ने सभी प्रकोष्ठों से हर विधानसभा में 35 से 50 समर्पित साथियों को जोड़ने तथा सोशल मीडिया पर सक्रियता बढ़ाने को कहा और कहा कि अपने नेता के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाकर 2020 में अब तक की सबसे बड़ी जीत सुनिश्चित करें।
जदयू सेवादल के साथ संवाद के दौरान आरसीपी सिंह ने कहा कि सर्वप्रथम अपनी पार्टी को जानें, इसकी विचारधारा को आत्मसात करें और संगठन को समझें। नीतीश कुमार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं, एक-एक बूथ पर जाकर लोगों से जुड़ें, उनकी समस्याओं को दूर करने की कोशिश करें, तभी आपके प्रकोष्ठ का नाम सार्थक होगा।
तकनीकी प्रकोष्ठ के साथ संवाद के दौरान उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने अपने हर कार्य से न्याय के साथ विकास को परिभाषित किया है। उन्होंने हर क्षेत्र में काम किया है और सबके रोजगार और आमदनी की चिंता की है। इन सबके साथ-साथ उन्होंने बिहारी सम्मान को बढ़ाया है। पति-पत्नी के राज में बिहारी शब्द से अपमान का बोध होता था। श्री कुमार ने अपने व्यक्तित्व, कृतित्व और नेतृत्व से बिहार की प्रतिष्ठा फिर से स्थापित की है।
समाज सुधार सेनानी प्रकोष्ठ के साथ संवाद के दौरान श्री सिंह ने कहा कि पहले बिहार देश पर भार माना जाता था लेकिन अब विकास के किसी भी मानक पर हम किसी से पीछे नहीं। आज देश का विकास दर जहां 5% है, वहीं बिहार का 10.53% है। आज बिहार देश पर बोझ नहीं बल्कि उसे आगे ले जाने की स्थिति में है। उन्होंने प्रकोष्ठ से महिलाओं को भी जोड़ने को कहा। इस मौके पर उन्होंने प्रकोष्ठ के सेनानी संकल्प वर्चुअल संवाद का शुभारंभ भी किया।
खेल-कूद प्रकोष्ठ से संवाद के दौरान उन्होंने कहा कि जिस तरह स्पोर्ट्समैन जीवन में कभी हार नहीं मानता और अंत तक संघर्ष करता है उसी तरह सार्वजनिक जीवन में भी कभी हार नहीं मानें और पूरे संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में प्रकोष्ठ की ओर से राज्यस्तरीय क्रिकेट, कबड्डी, फुटबॉल और वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आयोजन कराया जाय और ये सभी टूर्नामेंट महापुरुषों के नाम पर हों। इस मौके पर विजय संवाद का शुभारंभ भी किया।
जदयू सेवादल प्रकोष्ठ के साथ संवाद के दौरान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष बिशन सिंह बिट्टू तथा उपाध्यक्ष धीरज पांडेय एवं अभय पटेल मौजूद रहे। तकनीकी प्रकोष्ठ के साथ संवाद के दौरान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष ई. रामचरित्र प्रसाद, उपाध्यक्ष ई. नागमणि कुशवाहा, वैशाली जिलाध्यक्ष ई. सोनू कुमार एवं पटना महानगर अध्यक्ष ई. राकेश कुमार मौजूद रहे। समाज सुधार सेनानी प्रकोष्ठ के साथ संवाद के दौरान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष जीतेन्द्र नीरज, उपाध्यक्ष अमित सिंह एवं प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन पटेल मौजूद रहे। वहीं खेल-कूद प्रकोष्ठ के साथ संवाद के दौरान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विजय शर्मा मौजूद रहे। जदयू मीडिया सेल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप इन सभी बैठकों में शामिल रहे।

