तू डाल-डाल-मैं पात-पात : नदी पुलिस ने फिर 20 शराब भट्ठी को किया नेस्तनाबूद, धंधेबाज फिर भागने में रहे सफल
file photo
फतुहा। पुलिस के लाख कार्रवाई किए जाने के बाद भी देवरसौकी भगवानपुर के पुनपुन नदी के तराई क्षेत्र में धंधेबाज शराब बनाए जाने की हरकत से बाज नही आ रहे हैं। पांच दिन पहले ही पुलिस इस जगह पर छापेमारी कर नदी के बीचोंबीच नाव पर शराब बनाए जाने को लेकर वहां चल रहे शराब भट्ठी को ध्वस्त कर दिया था तथा शराब समेत नाव को आग के हवाले कर दिया था। लेकिन इसके बावजूद भी धंधेबाज अपनी हरकतों से बाज नही आ रहे हैं और फिर से देशी शराब बनाने का धंधा शुरू कर दे रहे हैं।
सोमवार को जैसे ही पुलिस को पता चला कि पुनपुन नदी में धंधेबाज फिर से सक्रिय हो गए हैं तो थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, एसआई ललित विजय, राजेश कुमार अपने दलबल के साथ देवरसौकी भगवानपुर स्थित गांव पहुंचे तथा नदी के बीचोंबीच बने टापू पर चल रहे करीब 20 शराब भट्ठी को नेस्तनाबूद करते हुए करीब पांच हजार से अधिक अर्द्ध निर्मित देशी शराब को बहाकर नष्ट कर दिया तथा सैकड़ों लीटर निर्मित देशी शराब को भी बहाकर विनष्ट कर दिया। इतना ही नहीं, पुलिस ने शराब के सभी उपकरण व बचे खुचे शराब सामाग्री को नदी के टापू पर ही आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने धंधेबाज के आने-जाने वाली एक नाव को भी जब्त कर आग के हवाले कर दिया। छापेमारी सोमवार को देर शाम की गई। अंधेरे का फायदा उठाते हुए धंधेबाज नदी में कुदकर नदी पार जंगली इलाका में घुस गए और फरार हो गए।
एसआई ललित विजय ने बताया कि शराब के सभी धंधेबाजो का पता लगाकर सख्त कार्रवाई किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि किसी भी धंधेबाज को बख्शा नहीं जाएगा। विदित हो कि इस क्षेत्र के धंधेबाज नदी के पार दूसरे थाना क्षेत्र के जंगली इलाकों में घुसकर फरार हो जाते हैं।


