बांका में सर्पदंश से 12 साल की किशोरी की मौत, झाड़-फूंक के चक्कर में गई जान

बांका। बांका में सोमवार को जहरीले सांप के काटने से 12 साल की किशोरी की मौत हो गई। झाड़-फूंक के चक्कर में उसकी जान गई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। बताया गया कि समय पर किशोरी का इलाज होता तो उसकी जान बच सकती थी। रजौन प्रखंड अंतर्गत खरवा महादलित टोला में जहरीले सांप के शिकार से 12 साल की एक किशोरी की मौत हो गई। मृतक की पहचान खरवा महादलित टोला गांव निवासी विभाष ठाकुर की 12 वर्षीय बेटी अमृता कुमारी के रूप में हुई है। सांप काटने के बाद उसे झाड़-फूंक के लिए ले जाया गया। कुछ घंटों बाद जब किशोरी की स्थिति गंभीर होने लगी तो उसे स्थानीय अस्पताल लाया गया। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। अमृता कुमारी घर में सोई हुई थी। इसी दौरान जहरीले सांप ने काट लिया। छात्रा ने घर वालों को सांप काटने की बात बताई। अस्पताल ले जाने के बजाय लोग आसपास में झाड़ फूंक करने लगे। किशोरी की स्थिति बिगड़ने के बाद आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। अंचलाधिकारी मो. मोइनुद्दीन ने बताया कि पोस्टमार्टम करने के बाद ही आपदा के तहत सहायता राशि दी जाएगी।
