सोनपुर में पंजाब नेशनल बैंक में दिनदहाड़े 12 लाख की लूट, बदमाशों ने दो होमगार्ड को मारी गोली

सारण/पटना। सारण के सोनपुर में पंजाब नेशनल बैंक में गुरुवार को दिनदहाड़े लूट हुई है। इस दौरान 5 बदमाशों ने होमगार्ड के 2 जवानों को गोली मार दी। इनमें से एक की मौत हो गई है। उसे सिर में गोली लगी है। दूसरे को सीने पर गोली मारी, उसे गंभीर हालत में पटना के PMCH रेफर कर दिया गया है। लूटी गई रकम फिलहाल 12 लाख बताई जा रही है। बदमाशों ने लूट के बाद बैंक के बाहर भी फायरिंग की और भाग गए। घटना DRM ऑफिस के पास के ब्रांच की है। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बैंक के अंदर बदमाश दाखिल हुए थे। बैंक के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में ये पूरी वारदात कैद हो गई। सीसीटीवी में दिख रहा है कि रोज की तरह बैंक में काम चल रहा है। तभी 5 लड़के बैंक के अंदर दाखिल होते हैं। थोड़ी देर में सभी अपनी जेब से पिस्टल निकालते हैं। जैसे ही गार्ड एक्टिव होते हैं। अपराधी सीधे फायर करना शुरू कर देते हैं। एक गार्ड को सीने में गोली मारता है। गार्ड भी अपनी रायफल उठाकर गोली मारने की कोशिश करता है, लेकिन तब तक उसे गोली लग चुकी थी। इसके बाद वो फर्श पर गिर जाता है। थोड़ी देर बाद बदमाश गार्ड की रायफल उठाकर अंदर चला जाता है। बैंक में मौजूद महिला कर्मचारी ने बताया कि बैंक में रोज की तरह की काम चल रहा था। साढ़े 12 बजे के करीब 5 लोग बैंक में घुसे थे। थोड़ी देर में ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हम डर गए थे। लोग चिल्लाने लगे थे। कुछ समझ नहीं आ रहा था क्या करें।
लूटपाट के बाद आस-पास के जिलों में अलर्ट
मौके पर सारण एसपी गौरव मंगला भी पहुंचे हैं। वारदात के बाद पुलिस टीम ने नाकेबंदी कर दी है। अपराधियों की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। लूटपाट की इस घटना के बाद आसपास के जिलों को भी अलर्ट कर दिया गया है। मारे गए गार्ड की पहचान 55 साल के महेश साह के तौर पर हुई है। वहीं दूसरा जवान नरेश राय है। दोनों सोनपुर थाना क्षेत्र के गोविंदचक गांव के रहने वाले थे।

About Post Author

You may have missed