कुढ़नी उपचुनाव : अबतक 11 फ़ीसदी हुई वोटिंग, कड़ाके की ठंड के बाद भी मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे लोग

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी विधानसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में आज सुबह से मतदान की शुरुआत हुई। अब तक जो जानकारी सामने आई है उसके अनुसार सुबह ठंड के कारण मतदान की गति थोड़ी धीमी रही लेकिन सुबह 10:00 बजे तक 11 फ़ीसदी मतदान दर्ज किया जा चुका है और जैसे जैसे दिन निकल रहा है वैसे वैसे मतदान केंद्रों पर भी लोग आते दिखाई दे रहे हैं। ठंड के बावजूद सुबह से वोटर बूथों पर पहुंच रहे हैं। कड़ी सुरक्षा में यहां शाम छह बजे तक वोट डाले जाएंगे। कुल 13 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला तीन लाख से अधिक मतदाता करेंगे। इसके लिए 320 बूथों पर मतदान चल रहा है। पहले दो घंटे में 11 प्रतिशत मतदान हुआ है। विदित हो कि एलसीटी घोटाले में तीन साल की सजा होने के बाद राजद विधायक अनिल सहनी की सदस्यता समाप्त कर दी गई थी। इससे इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है। यहां जदयू के मनोज कुमार सिंह उर्फ मनोज कुशवाहा और भाजपा के केदार गुप्ता में सीधी लड़ाई है। वही शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए सभी 320 बूथों पर अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। गड़बड़ी करने वालों पर सख्ती के आदेश दिए गए हैं। मतगणना आठ दिसंबर को होगी। राज्य में गोपालगंज और मोकामा उपचुनाव में भाजपा और महागठबंधन को एक-एक सीट मिलने के बाद इस उपचुनाव को फाइनल के रूप में देखा जा रहा है। इसलिए दोनों गठबंधन ने इसे प्रतिष्ठा की लड़ाई बना ली है।

About Post Author

You may have missed