आशियाना नगर के बंधन बैंक की शाखा के 10 कर्मचारी मिले कोरोना संक्रमित, जिला प्रशासन ने दो दिनों के लिए कराया बंद

पटना। आशियाना नगर के बंधन बैंक की शाखा में 10 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद सीओ ने बैंक को दो दिनों तक बंद रखने का आदेश दिया है। सोमवार को जिला प्रशासन के अधिकारी बैंक पहुंचे व उसे बंद कराया। प्रशासन ने बैंक को सैनेटाइज भी कराया।

ब्रांच मैनेजर अमरेश्वर कुमार सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर दो दिनों के लिए बैंक को बंद कर दिया गया है। बुधवार को अंबेडकर जयंती की छुट्टी है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने पहले कोई निर्देश जारी नहीं किया था इस वजह से बैंक खुला हुआ था।
ब्रांच मैनेजर के अनुसार बंधन बैंक की इस शाखा में कुल 22 कर्मचारी हैं, इसमें से 10 संक्रमित हैं। पांच अन्य में भी कोरोना के लक्षण मौजूद हैं। सभी छुट्टी पर है। बैंक छह कर्मचारियों से संचालित हो रहा था। जिला प्रशासन ने बैंक को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित किया है और प्रतिबंधित क्षेत्र का बैनर भी लगा दिया है। पूरे बिहार मेेंं बंधन बैंक की 86 शाखाएं हैं, इसमें से चार शाखा पटना में हैं। आशियाना नगर ब्रांच को छोड़कर बाकी शाखा अभी कार्यरत है।