1-2 दिन में महागठबंधन सीट शेयरिंग की अधिकारिक घोषणा करेगी : सहनी
पटना। विकासशील इंसान पार्टी के नेता मुकेश सहनी ने गुरुवार को राजद नेता तेजस्वी यादव से मुलाकात की। तेजस्वी से मुलाकात के बाद सहनी ने कहा कि महागठबंधन में उन्हें मनमुताबिक सीटें मिल रही हैं, इसलिए वह बिहार विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर लड़ेंगे। सीटों को लेकर कई पार्टियों में चल रहे खींचतान और अलग होकर थर्ड फ्रंट बनाने के बाबत उन्होंने कहा कि जब मुझे अपेक्षा के अनुरूप सीटें मिल रहीं हैं तो फिर क्यों अलग होना। हम जितनी सीटों पर चुनाव लड़ना चाहते हैं, उतनी ही सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि 1-2 दिन में महागठबंधन सीट शेयरिंग की अधिकारिक घोषणा कर देगी। बता दें राजद-कांग्रेस के बीच सीटों के तालमेल के बाद जितनी सीटें राजद के हिस्से में आएगी, राजद अपने कोटे से वीआईपी को सीटें देगी। कहा जा रहा है कि वीआईपी को राजद 4-5 सीटें दे सकती है।


