1 अप्रैल से बीएस-6 ग्रेड ईधन देश भर के पेट्रोल पंपों पर होंगे उपलब्ध : आईओसी

पटना (संतोष कुमार)। आगामी 1 अप्रैल से बीएस-6 (भारत स्टेज-6) ग्रेड आयल देश भर के पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध हो जाएंगे। उक्त घोषणा इंडियन आयल कारपोरेशन (आईओसी) के कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में आईओसी के कार्यकारी निदेशक और राज्य प्रमुख विभाष कुमार ने किया। इस दौरान आईओसी के सीजीएम (आपरेशन) आरके सिंह, महाप्रबंधन (स्वतंत्र प्रभार, खुदरा बिक्री, बिहार-झारखंड) अजय गर्ग और मुख्य प्रबंधक (कारपोरेट कम्युनिकेशन, योजना और समन्वय) वीणा कुमारी मौजूद थे।
्प्रेस सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री विभाष ने बताया कि पर्यावरण को देखते हुए आईओसी बीएस-6 पेट्रोल-डीजल लोगों को उपलब्ध कराने जा रही है। आगामी 1 अप्रैल से बिहार के सभी 1597 रिटेल आउटलेट पर बीएस-6 ईधन उपलब्ध करा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आईओसी ने 2010 में भारत 3 के नाम से ईधन लायी थी, जिसमें सल्फर की मात्रा 350 पीपीएम थी, फिर सात साल के बाद 2017 में भारत 4 के नाम से ईधन लायी, जिसमें सल्फर की मात्रा 50 पीपीएम थी। अब 2020 में आईओसी बड़ा पहल करते हुए बीएस-6 मानकों को पूरे देश में लागू करने को तैयार है, जिसमें सल्फर की मात्रा 10 पीपीएम है, जो कई लैब टेस्ट के बाद उक्त ईधन लोगों तक पहुंचाने की तैयारी है। इससे वातावरण में काफी सुधार होगा। उन्होंने बताया कि बीएस-4 से बीएस-6 में अपग्रेडेशन के लिए इंडियन आयल ने करीब 17000 करोड़ रूपये का प्रावधान किया है, जिसमें बरौनी रिफाइनरी में 1772 करोड़ रूपये शामिल हैं। उन्होंने कहा कि बरौनी रिफाइनरी 6 मिलियन मीट्रिक टन पेट्रोलियम पदार्थ का उत्पादन करती है। बोर्ड ने बरौनी रिफाइनरी में पेट्रोलियम पदार्थ का उत्पादन 9 मिलियन मीट्रिक टन करने के लिए 14100 करोड़ रूपये का निवेश किया है, जिसे 2024 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बीएस-6 ईधन के दर बढ़ाए जाने पर कहा कि इसकी अधिकारिक जानकारी नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि 14 हजार करोड़ के अलावे बोर्ड ने 21-22 हजार करोड़ रूपये जारी किया है, जो अगले पांच साल में बिहार में खर्च होंगे।

You may have missed