February 15, 2026

हम बुनियादी ढांचे के आधार पर करते हैं रोजगार और नौकरी की बात : JDU

पटना। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह ने गुरूवार को बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे व अंतिम चरण का प्रचार खत्म होने के बाद जारी बयान में राजद के 10 लाख लोगों को पक्की नौकरी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हम बुनियादी ढांचे के आधार पर रोजगार और नौकरी की बात करते हैं। हम जमीनी हकीकत को जाने बिना झूठा आश्वासन देकर आवाम को नहीं ठगते।
उन्होंने कहा कि पहले दो चरणों की तरह तीसरे चरण में भी बिहार की जनता समान रूप से उत्साहित है और यह साफ हो चुका है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में एक बार फिर बड़े बहुमत से एनडीए की सरकार बनने जा रही है। श्री सिंह ने कहा कि बिहार की जनता इस बात को हरगिज नहीं भूल सकती कि पिछले 15 वर्षों में हमने बिहार को किस तरह जंगलराज की खाईयों से निकालकर एक समृद्ध और समुन्नत बिहार को गढ़ा है। बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में काफी काम हुए हैं, आगे और भी होंगे। अगले 5 वर्षों में युवाओं को रोजगार, किसानों के खेत तक पानी और छोटे-बड़े उद्योगों के जरिए आत्मनिर्भर बिहार की परिकल्पना को साकार रूप देंगे, यह वादा है। सात निश्चय-2 विकासशील बिहार को विकसित बिहार बनाने का रास्ता तैयार करेगा।
श्री सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के शासनकाल में इन्फ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में लगातार प्रयास हुए हैं। आज बिहार रोजगार के अवसर तैयार करने की मशीनरी के रूप में तैयार होने को खड़ा है। आगामी वर्षों में कुटीर उद्योग, लघु उद्योग, मिलों, कारखानों का जाल बिछाने का ब्लू प्रिंट हमने तैयार किया हुआ है। इस उद्यम में केन्द्र सरकार भी भरपूर मदद दे रही है। केन्द्र और राज्य सरकार के सम्मिलित प्रयासों से रोजगार के प्रचुर अवसर पैदा होंगे।
श्री सिंह ने आगे कहा कि राज्य में औद्योगिक विकास एवं अधिक रोजगार के अवसर पैदा करने के उद्देश्य से नई संशोधित औद्योगिक प्रोत्साहन नीति 2020 लागू की गई है। यहां 89 प्रतिशत लोग गांवों में निवास करते हैं और 76 प्रतिशत लोग अपनी आजीविका के लिए कृषि पर निर्भर हैं। इसको देखते हुए कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बिहार कृषि निवेश प्रोत्साहन नीति 2020 की स्वीकृति दी गई है। इसमें कृषि संबंधित उद्योगों के लिए औद्योगिक प्रोत्साहन नीति के अंतर्गत देय लाभ के अतिरिक्त कैपिटल सब्सिडी देने का प्रावधान किया गया है। इसी तर्ज पर काष्ठ आधारित उद्योगों के प्रोत्साहन हेतु नीति बनाई गई है। उन्होंने कहा कि कृषि कार्य के लिए बिजली दर को घटाकर 65 पैसे प्रति यूनिट कर दिया गया है और अब सिंचाई के लिए हर खेत तक पानी पहुंचाने का संकल्प लिया गया है। इन तमाम प्रयासों से बिहार को नई गति मिलेगी।
श्री सिंह ने आगे कहा कि हम बुनियादी ढांचे के आधार पर रोजगार और नौकरी की बात करते हैं। हम ठोस आश्वासन देते हैं और उसे पूरा करके दिखाते हैं। जमीनी हकीकत को जाने बिना झूठा आश्वासन देना अवाम को ठगना है। बिहार की जनता तय कर चुकी है कि नीतीश कुमार जैसे कर्मयोगी के साथ ही आगे की विकास यात्रा करेगी।

You may have missed