हमने प्रकृति के संसाधनों को सही ढंग से इस्तेमाल करना नहीं सीखा : डीएम

19 जनवरी को राज्यव्यापी मानव श्रृंखला के प्रचार-प्रसार को ले कला जत्था रवाना

पटना। जिलाधिकारी कुमार रवि ने आज समाहरणालय परिसर से जल-जीवन-हरियाली, नशा-मुक्ति, बाल विवाह एवं दहेज उन्मूलन के लिए 19 जनवरी को आयोजित राज्यव्यापी मानव श्रृंखला के प्रचार-प्रसार हेतु कला जत्था को हरी झंडी दिखा कर विदा किया। बाद में जिलाधिकारी ने पटना जिला के सभी निजी विद्यालयों के प्रबंधकों एवं शिक्षकों के साथ मानव श्रृंखला के तैयारी के लिए एसकेएम में बैठक की। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने निजी विद्यालयों के शिक्षकों एवं प्रबंधकों को संबोधित करते हुए कहा कि आज जलवायु परिवर्तन बहुत तेजी से हो रहा है। कहीं अत्याधिक वर्षा हो रही है तो कहीं बुहत कम वर्षापात होता है। कहीं अत्याधिक गर्मी है तो कहीं अत्याधिक ठंड पड़ रही है। हम ने प्रकृति के संसाधनों को सही ढंग से इस्तेमाल करना नहीं सीखा है। पटना जिला अन्तर्गत तीन दिनों में इतनी बारिश हुई कि पटना शहर में जलजमाव हो गया तथा बाढ़ का सामना करना पड़ा। लोगों ने नाले एवं सड़कों पर अतिक्रमण कर घर बना लिया है। हमें पर्यावरण का जितना ख्याल रखना चाहिए, हम ख्याल नहीं रख पाते हैं। आने वाले पीढ़ी को हम क्या देना चाहते हैं। जमीन के नीचे का जलस्तर बहुत तेजी से नीचे जा रहा है। ऐसा न हो कि भावी पीढ़ी को जल संकट का सामना करना पड़े। जल संकट एक ऐसा संकट न हो कि उनका जीवन ही दुश्वार हो जाय। जिलाधिकारी ने कहा कि बाल विवाह, दहेज प्रथा के उन्मूलन, शराबबंदी एवं जल-जीवन-हरियाली के लिए बिहार सरकार द्वारा आयोजित राज्यव्यापी मानव श्रृंखला 19 जनवरी को पूर्वाह्न 11.30 बजे से 12.00 बजे मध्याह्न तक आयोजित है। उन्होंने कहा कि जल-जीवन-हरियाली, बाल विवाह, दहेज प्रथा के उन्मूलन एवं शराबबंदी के समर्थन में आयोजित मानव श्रृंखला का संदेश बच्चों तक जाना चाहिए। जिलाधिकारी ने बताया कि मानव श्रृंखला का केन्द्र बिन्दु एवं मुख्य कार्यक्रम स्थल गांधी मैदान पटना है। गांधी मैदान में मानव श्रृंखला से बिहार के नक्शा का निर्माण होगा। गांधी मैदान से मानव श्रृंखला की चार श्रृंखलाएं निकलेगी जो राज्य के विभिन्न क्षेत्रों की ओर जायेगी। विभिन्न दिशाओं में समीपवर्ती जिलों की सीमा तक जाकर संबंधित जिला के श्रृंखला से मिलेगी।
जिलाधिकारी ने आगे कहा कि पटना जिला अंतर्गत मानव श्रृंखला हेतु 696 किमी की दूरी के लिए 696 सेक्टर इंचार्ज एवं 3480 समन्वयक नियुक्त किये गये हैं। प्रत्येक सिगमेंट के लिए मानव बल की पहचान अनुमंडल पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा कर ली गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि 19 जनवरी को आयोजित होने वाली मानव श्रृंखला में विद्यालयों की अहम भूमिका है। 19 जनवरी को रविवार है। रविवार होने के कारण विद्यालयों को मानव श्रृंखला में समाजिक कारणों से गैर-शैक्षणिक गतिविधियों में भाग लेकर महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया जाना है। जिलाधिकारी ने सभी निजी विद्यालय के शिक्षकों एवं प्रबंधकों से कहा कि अधिक से अधिक संख्या में मानव श्रृंखला में भाग लें। इसके लिए माईक्रो प्लानिंग बना लें। 50 बच्चों पर एक शिक्षक रहें। 05वीं कक्षा तक के बच्चे एवं बीमार बच्चों को मानव श्रृंखला में शामिल नहीं करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि मानव श्रृंखला के लिए वातावरण का निर्माण हो रहा है। पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में जन प्रतिनिधियों के द्वारा भी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया जा रहा है। जगह-जगह जल-जीवन-हरियाली से संबंधित रंगोली बनाया जा रहा है। प्रत्येक किमी पर सेक्टर बनाया गया है। 200 मीटर पर सब सेक्टर का निर्माण हो रहा है। पूरे सेक्टर का प्रभारी प्रखंड विकास पदाधिकारी को बनाया गया है। कला जत्था के द्वारा व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक वार्ड में 100 मीटर की छोटी लाईन अलग से बनायी जायेगी। बैठक में जिलाधिकारी कुमार रवि के साथ विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी जैनेन्द्र कुमार, अपर जिला दंडाधिकारी विधि-व्यवस्था कृष्ण कन्हैया प्रसाद सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी ज्योति कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी अजय कुमार ठाकुर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अनिल कुमार चौधरी, समाहर्त्ता के विशेष कार्य पदाधिकारी सुभाष नारायण, नजारत उप समाहर्त्ता राजेश कुमार, प्रभारी पदाधिकारी जिला नियंत्रण कक्ष शैलेन्द्र कुमार सहित सभी संबंधित पदाधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित थे।