January 1, 2026

स्वधार गृह मामले में ब्रजेश ठाकुर के करीबियों की संपत्ति पर पुलिस की नजर, कार्रवाई आरंभ

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर में हुई बहुचर्चित बालिका गृह कांड के मुख्य आरोपी जेल में बंद ब्रजेश ठाकुर के करीबियों पर पुलिस ने कार्रवाई आरंभ कर दी है। स्वधार गृह मामले में भी ब्रजेश ठाकुर के करीबी शाइस्ता परवीन उर्फ मधु, अफसाना खातून, रामानुज ठाकुर व कृष्णा राम की संपत्ति पर पुलिस की नजर है। इनके खिलाफ प्रिवेंशन आफ मनी लॉड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत कार्रवाई की कवायद पुलिस द्वारा शुरू कर दी गई है। पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) इसकी जांच करेगी। वहीं ब्रजेश ठाकुर व अन्य आरोपितों को न्यायिक हिरासत में लेने के लिए पुलिस ने कोर्ट में अर्जी दाखिल की है। कोर्ट से आदेश मिलने के बाद इस मामले में हिरासत में लिए जाने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी।
गौरतलब है कि ब्रजेश ठाकुर की संस्था सेवा संकल्प एवं विकास समिति की ओर से स्वधार गृह का संचालन कल्याणी चौक के निकट साहू रोड में किया जाता था। इसमें घर से निकाली गई और भूली-भटकी महिलाओं को रखा जाता था। बालिका गृह यौन हिंसा मामला सामने आने के बाद जिला बाल संरक्षण इकाई की जांच टीम वहां पहुंची तो स्वधार गृह में महिलाएं नहीं थीं, वहां ताला लटका था। इस संबंध में संचालक और कर्मियों ने कोई जानकारी नहीं दी। जिसके बाद 11 महिलाओं के लापता होने और राशि गबन की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
इस संबंध में नगर डीएसपी रामनरेश पासवान ने बताया कि महिला थानाध्यक्ष सह जांच अधिकारी को आरोपितों की संपत्ति की जानकारी जुटाने का आदेश दिया गया है। यह मामला अभी एससी-एसटी विशेष कोर्ट में चल रहा है। आरोपी अफसाना खातून की कुर्की के लिए मामला लंबित है। कोर्ट ने उसकी संपत्ति का ब्योरा तलब किया था। मुशहरी सीओ की ओर से दिए गए प्रतिवेदन में अफसाना के नाम पर कोई संपत्ति नहीं होने की बात बताई गई है। पुलिस अब उसे स्वजनों की संपत्ति व उसकी आय के स्रोत के बारे में पता लगाएगी।

You may have missed