February 11, 2026

सोनिया गांधी ने बुलाई विपक्ष की बैठक, महागठबंधन में डैमेज कंट्रोल की कोशिश तो नहीं!

पटना। कोरोना महामारी को लेकर लगे देशव्यापी लॉकडाउन-4 के बीच कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बिहार के विपक्षी दलों की बैठक बुलाई है। बैठक में राजद की तरफ से तेजस्वी यादव, हिंदुस्तान आवाम मोर्चा के प्रमुख जीतनराम मांझी और रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा शामिल होंगे। बैठक 22 मार्च को शाम साढ़े तीन बजे बैठक होगी। हालांकि महागठबंधन के एक अन्य दल विकासशील इंसाफ पार्टी को इस बैठक के लिए न्योता नहीं मिला है। सभी नेता अपने आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये इस बैठक में जुड़ेंगे। इसकी जानकारी हम के राष्ट्रीय प्रवक्ता दानिश रिजवान ने दी है। इस बैठक को लेकर इस बात चर्चा की जोर पकड़ने लगी है कि सोनिया गांधी ने यह बैठक डैमेज कंट्रोल करने के लिए बुलायी है, क्योंकि महागठबंधन में बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर जो खिचड़ी अंदरखाने में पकायी जा रही है, वह महागठबंधन के लिए आने वाले दिनों में मुश्किल ना खड़ा कर दे।
इधर पार्टी सूत्रों ने बताया कि बैठक में नीतीश सरकार को घेरने पर भी रणनीति बनेगी। लॉकडाउन के दौरान श्रमिकों को लौटने में जिस तरह की परेशानी का सामना करना पड़ा है, इसको लेकर चर्चा होगी ताकि आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका फायदा उठाया जा सके। बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव में महज 5 महीने का वक्त बचा है और इसको लेकर यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है।
बता दें मंगलवार को जीतन राम मांझी, उपेन्द्र कुशवाहा ने वीआईपी के कार्यालय में जाकर मुकेश सहनी से मुलाकात की थी। जिसके बाद बिहार में महागठबंधन में दरार को लेकर चर्चा तेज हो गई। इस बात के कयास लगने लगा कि उक्त तीन दल के प्रमुख राजद-कांग्रेस को दरकिनार कर तीसरा मोर्चा बनाने की जुगत में जुट गए हैं।

You may have missed