February 15, 2026

सोची समझी साजिश के तहत पीडीए के 11 उम्मीदवारों का नामांकन किया गया रद्द : पप्पू यादव

पटना। जन अधिकार पार्टी (लो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रगतिशील लोकतांत्रिक गठबंधन (पीडीए) के संयोजक राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में आरोप लगाते हुए कहा कि सोची समझी साजिश के तहत उनके 11 उम्मीदवारों का नामांकन रद्द कर दिया गया है। पप्पू यादव ने बरौली और हाजीपुर से अपने उम्मीदवारों का नामांकन रद्द किए जाने को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि रानी चौबे और विजय नारायण सिंह जीतने वाले उम्मीदवार थे और उनका नामांकन रद्द होना उनके लिए हतप्रभ करने वाला है। पीडीए ने सामाजिक और शैक्षिणक योग्यताओं को ध्यान में रखकर उम्मीदवारों का समायोजन किया था, परंतु नामांकन रद्द होने से वे बेहद दु:खी हैं।
इस मौके पर पप्पू यादव ने विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए 49 उम्मीदवारों की सूची भी जारी की। उन्होंने बताया कि तीसरे चरण में भीम आर्मी के 23 और एसडीपीआई के 15 उम्मीदवार होंगे। पप्पू यादव ने कहा कि पीडीए को प्रदेश के हर वर्ग का समर्थन मिल रहा है। बिहार नोनिया संघ व समाज की ओर से भी पीडीए को समर्थन देने की घोषणा की गई है।

You may have missed