सुशील मोदी सहित भाजपा और जदयू के नेता मांगें माफी, राजद हत्याकांड में रची गई साजिश
पटना। राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने राजद के पूर्व नेता शक्ति मल्लिक हत्याकांड के खुलासे के बाद उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी सहित भाजपा-जदयू नेताओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा है।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि पुलिस द्वारा शक्ति मल्लिक हत्याकांड के खुलासे के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि भाजपा और जदयू नेताओं द्वारा रची गई साजिश के तहत ही मृत मल्लिक के परिजनों ने प्राथमिकी में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव का नाम दिया था। प्राथमिकी दर्ज होने के तत्काल बाद उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी, पथ निर्माण मंत्री नन्दकिशोर यादव सहित भाजपा और जदयू प्रवक्ताओं ने जिस प्रकार इस मामले को तूल देकर तेजस्वी यादव के खिलाफ अनर्गल और अमर्यादित बयानबाजी किया, उससे यह स्पष्ट हो जाता है कि न केवल उनका चरित्र हनन करने बल्कि हत्या के एक झूठे केस में गिरफ्तार कर चुनावी प्रचार अभियान से उन्हें दूर रखने के लिए एनडीए के शीर्ष नेतृत्व द्वारा एक उच्चस्तरीय साजिश रची गई थी।
श्री गगन ने आगे कहा कि तेजस्वी यादव की बढ़ती लोकप्रियता और जन स्वीकार्यता को एनडीए का शीर्ष नेतृत्व पचा नहीं पा रहा है और सत्ता की छटपटाहट में ये अपने सोच का स्तर इतना नीचे गिरा चुके हैं, जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती है। राजद प्रवक्ता ने कहा है कि एनडीए के शीर्ष नेतृत्व में यदि थोड़ा भी लोक-लाज और मर्यादा बची हो तो उन्हें बिना विलम्ब किये अपने गलत हरकतों के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांग लेनी चाहिए।


