BIHAR : सुशील मोदी ने ट्विट कर राजद, कांग्रेस और जाप पर बोला करारा हमला, ट्रैक्टर चलाकर किसान बनने की…
पटना। शनिवार को बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने राजद, कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी पार्टियों पर जमकर हमला बोला। ट्विटर पर उन्होंने एक के बाद एक चार ट्वीट किए।
उन्होंने जहां कृषि बिल के विरोध में राजद के प्रदर्शन पर चुटकी ली तो वहीं कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी तीखे हमले बोले। कृषि बिल के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन पर उन्होंने ट्वीट किया कि जो लोग विदेशी लग्जरी गाड़ी बीएमडब्ल्यू का शौक रखते हैं, चार्टर प्लेन में केक काटकर जन्मदिन मनाते हैं। वे राजधानी के सड़क पर ट्रैक्टर चलाकर किसान बनने की नौटंकी करने लगे। राजद पर आरोप लगाते हुए कहा कि बाहुबलियों को संरक्षण देने वाले किसान के हितैषी कैसे बन गए?
सुशील मोदी यही नहीं रूके, उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी को भी लपेटा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को ऐसे पीएम की कमी महसूस हो रही है जो चीन से कांग्रेस को चंदा दिला सके। ऐसे रोबोट पीएम उन्हें चाहिए जो आतंकियों के प्रति नरमी दिखाए, मुंबई हमले पर चुप रहे और जम्मू-कश्मीर में धारा 370 बनाए रख रक्तरंजित अलगाववाद को बढ़ावा दे। उन्होंने कहा कि बिहार में 39 सांसद देकर पीएम मोदी जनता का हाथ थामे हुए हैं, जबकि राहुल गांधी की पार्टी को केवल एक सीट मिली है। आज उन्हें मनमोहन सिंह जैसे प्रधानमंत्री याद आ रहे हैं, जिनकी अनुपस्थिति में उन्होंने कैबिनेट के फैसले की कापी सार्वजनिक रूप से फाड़ दिया था।
वहीं जाप के संरक्षक व पूर्व सांसद पप्पू यादव के समर्थकों द्वारा भाजपा कार्यालय में शुक्रवार को बिहार बंद के दौरान तोड़फोड़ पर उन्होंने कहा कि लाठी में तेल पिलाने वाले न तो गरीबों को रोजगार दे सकते हैं न कभी किसानों को भरोसा ही दिला सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसी मुद्दे पर विपक्ष का विरोध करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन कार्यालय पर लाठी-डंडे बरसाने का हक किसी को नहीं है।


