सुशांत सुसाइड केस: सुप्रीम कोर्ट पहुंची रिया चक्रवर्ती, जाने क्यों

पटना। बिहार के बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के आत्महत्या मामले में बुधवार को एक और नया मोड़ सामने आया। सुशांत की कथित प्रेमिका व अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती ने खुद के खिलाफ पटना के राजीवनगर थाना में दायर केस को मुंबई ट्रांसफर करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दाखिल की है। बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत की रहस्यमयी मौत के मामले में उनके पिता केके सिंह ने राजीव नगर थाने में रिया चक्रवर्ती और उनके परिजनों पर केस दर्ज करवाया है। केस दर्ज होने के बाद पटना पुलिस की तीन सदस्यीय टीम मुंबई पहुंच चुकी है और इस मामले में रिया चक्रवर्ती से पूछताछ कर सकती है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रिया चक्रवर्ती पर सुशांत सिंह के पिता ने गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि रिया ने सुशांत के करोड़ा रूपये गबन कर लिए थे। वे सुशांत को परिवार से भी दूर रखना चाहती थी। इस कारण सुशांत सिंह काफी तनाव में थे। उनका बैंक खाता भी रिया हैंडिल करने लगी थी। काफी पैसे सुशांत के बैंक खाते से गायब थे।
उधर, सुशांत सिंह के पिता ने केस दर्ज करने की पुष्टि की है। हालांकि इस बारे में उन्होंने अभी कुछ भी बोलने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि अगर वे अभी बात सार्वजनिक करेंगे तो इसका असर पुलिस की जांच पर पड़ सकता है। लिहाजा सही समय आने पर वे पूरी बात सार्वजनिक करेंगे।
बता दें बीते 14 जून को मुंबई के बांद्रा स्थित उनके फ्लैट में सुशांत सिंह राजपूत का शव मिला था। उनका शव पंखे से लटका हुआ था। शुरूआत में सुशांत की आत्महत्या करने की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में मौत को संदिग्ध परिस्थितियों में होना बताया गया। विसरा रिपोर्ट में सुशांत के शरीर में जहर होने के संकेत नहीं मिले थे। लिहाजा सुशांत की मौत के मामले में कई पहलुओं पर जांच होने लगी। इस मामले में मुंबई पुलिस ने कई लोगों से पूछताछ की है।
