December 8, 2025

सुशांत मामले में नया मोड़ : पिता ने गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती के खिलाफ दर्ज कराई एफआईआर, पढ़िए पूरी खबर

पटना। बिहार के युवा बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के आत्महत्या मामले में नया मोड़ आ गया है। सुशांत के पिता केके सिंह ने पटना के राजीवनगर थाना में बेटे की आत्महत्या मामले में एक्ट्रेस व गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। मुकदमा दर्ज होते ही पटना पुलिस एक्टिव हो गई और पुलिस की चार सदस्यीय टीम मुंबई रवाना हो गई। टीम में दो इंस्पेक्टर और दो सब इंस्पेक्टर शामिल हैं। मालूम हो कि सुशांत की मौत 14 जून को हुई थी। मौत के 44 दिन बाद पटना में प्राथमिकी दर्ज हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया है कि मामले में मुंबई पुलिस जांच ठीक से नहीं कर रही है। सुशांत के पिता यह भी नहीं मानते हैं कि उनका बेटा डिप्रेशन में था। छिछोरे जैसी हिट फिल्म देने के बाद वह डिप्रेशन में कैसे जा सकता है। सुशांत की मौत और मंबई पुलिस की जांच को लेकर उन्होंने कई सवाल उठाये हैं। उन्होंने पटना पुलिस से मामले की जांच करने और न्याय दिलाने की मांग की है। सुशांत के पिता केके सिंह के आवेदन पर कांड संख्या- 241/20 में आइपीसी की विभिन्न धाराओं 341, 342, 380, 406, 420, 306 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद एसएसपी उपेंद्र कुमार शर्मा के निर्देश पर पटना पुलिस की एक टीम मुंबई के लिए रवाना कर दी गयी है। चार सदस्यी टीम में राजीवनगर थाना प्रभारी निशांत सिंह, कैसर आलम, मनोरंजन भारती समेत चार लोग शामिल हैं।
गर्लफ्रेंड पर सुशांत का पैसा चोरी करने का आरोप
राजीवनगर थाने में दर्ज कराये गये मामले में कई तरह के आरोप लगाये गये हैं। इसमें सुसाइड के लिए उकसाने, धोखाधड़ी और चोरी करने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में सबसे बड़ा आरोप सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती पर है। उस पर सुशांत का करीब 50 करोड़ रुपये गायब करने का आरोप लगाया गया है। पटना पुलिस इन सब आरोपों की जांच के लिए मुंबई गयी है। यहां बता दें कि सुशांत की पहली गर्लफ्रेंड अंकिता लोखंडे थी। बाद में उससे ब्रेकअप हो गया। इसके बाद सुशांत रिया चक्रवर्ती के नजदीक थे। इसी बीच सुशांत की मौत हो गयी। मौत के बाद पैसा चोरी करने का आरोप है।
रिया चक्रवर्ती से पटना पुलिस कर सकती है पूछताछ
पटना पुलिस मुंबई पुलिस से मिलकर मामले की जानकारी लेगी और फिर पूछताछ करेगी। इसमें सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती से पूछताछ कर सकती है। बताया जाता है कि सुशांत की मौत के बाद फ्लैट में रखे गये पैसों की उसने चोरी की है। फिलहाल यह जांच का मामला है। जांच के बाद ही पता चलेगा कि यह आरोप कितना सही है। पिता का आरोप यह भी है कि रिया ने सुशांत को परिवार से दूर कर दिया था। वह सुशांत को पूरे दबाव में रखती थी। रिया ही सुशांत के बैंक एकाउंट को मैनेज करती थी।
बताते चलें कि हाल ही में सुशांत सिंह राजपूत की विसरा रिपोर्ट सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, सुशांत सिंह राजपूत के शरीर में किसी तरह का कोई जहर नहीं था। सुशांत केस में मुंबई पुलिस की जांच जारी है और अभी तक एक्टर के परिवार, दोस्त, गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती और कई फिल्ममेकर्स का बयान दर्ज हो चुके हैं। लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि सुशांत सिंह राजपूत ने खुदकुशी किस वजह से की थी। सुशांत मामले में बिहार समेत अन्य राज्यों में लोगों ने सीबीआई जांच की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। सुशांत के फैन्स और अन्य कई सेलिब्रिटीज का कहना है कि इस मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए।

You may have missed