सीबीएसई शुरू करेगा छठी से ग्यारहवीं के लिए तीन स्किल कोर्स, नोटिफिकेशन जारी
CENTRAL DESK : नयी शिक्षा नीति के तहत केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने अकादमिक सत्र -2020-21 में कक्षा छह से ग्यारहवीं तक के छात्रों के लिए तीन नये स्किल पाठ्यक्रम शुरू करने का नोटिफिकेशन जारी किया है। कक्षा छठवीं से लेकर ग्यारहवीं तक के छात्रों के लिए जो नये पाठ्यक्रम शुरू किये जायेंगे, उनमें डिजाइन थिकिंग, फिजिकल एक्टिविटी ट्रेनर एवं आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस शामिल है। नयी पीढ़ी को अधिक रचनात्मक, कल्पनाशील और शारीरिक रूप से फिट बनाने एवं उनके लिए भविष्य में रोजगार के मौकों को बढ़ाने के इरादे से सीबीएसई यह शुरूआत कर रहा है।
मौजूदा सीबीएसई नीति के अनुसार, अगर दसवीं कक्षा में कोई छात्र तीन विषय (गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान) में से किसी एक विषय में फेल हो जाता है, तो उसके अंक स्किल डेवलपमेंट कोर्स के अंकों से रिप्लेस कर दिये जायेंगे। स्किल डेवलपमेंट दसवीं में छठवां विषय होगा। यह विषय अन्य किसी एक विषय में फेल होने पर भी छात्र को अगली कक्षा में भेजने में उपयोगी होगा। हालांकि, यदि कोई छात्र असफल विषय में फिर से आना चाहता है, तो वह कंपार्टमेंट परीक्षा में शामिल हो सकता है। सीबीएसई ने अपनी वेबसाइट में नोटिफिकेशन के माध्यम से स्किल पाठ्यक्रमों एवं मौजूदा सीबीएसई नीति की विस्तृत जानकारी दी है।


