सीतामढ़ी : व्यवसायी की हत्या से लोगों में उबाल, शहर बंद; घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी ने मीडियाकर्मी से…
सीतामढ़ी। बिहार के सीतामढ़ी जिले में बीते गुरूवार को नगर थाना क्षेत्र के बरियारपुर स्थित गिट्टी, छड़, सीमेंट व्यवसायी गुड्डू उर्फ विजयमल भगवानी की दिनदहाड़े की गई हत्या और लगातार जिले में हो रहे अपराधिक घटनाओं ने आमलोगों को हिला कर रख दिया है। गुरूवार को अपराधिक वारदातों को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय लोगों ने सीतामढ़ी के एसपी के कार्यशैली पर सवाल उठाया। आक्रोशित लोग और सीतामढ़ी शहर के व्यावसायी अपनी दुकानें बंद कर सड़क पर उतर गए और वर्तमान पुलिस कप्तान अनिल कुमार के कार्यशैली पर सवाल खड़ा करते हुए उन्हें हटाने की मांग किया
मौके पर आक्रोशित स्थानीय व्यवसायी उमेश कुमार ने कहा कि जिले में आपराधिक घटना बेहिसाब बढ़ती जा रही है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। वहीं अपराधियों के आगे पुलिस घुटने टेक दी है। अपराधी चुस्त और पुलिस सुस्त हो गई है। पुलिस प्रशासन की निकम्मेपन से जिले में अपराधिक घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि होती जा रही है।
बताते चले बीते गुरूवार को दोपहर 3 बजे के करीब बाइक सवार अपराधियों ने सीमेंट व्यापारी गूडू कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी थी। अपराधियों के बुलंद हौसले का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी ने मीडियाकर्मी को फोन से जानकारी दी कि हत्या के पीछे उनका हाथ है और आगे भी अगर रंगदारी नहीं मिलती है तो और लोग उनके निशाने पर हैं। इतना ही नहीं, अपराधी के द्वारा मृतक व्यवसायी के घर पर पर्चा लिखकर भेजना सीतामढ़ी पुलिस के लिए कड़ी चुनौती माना जा रहा है।


