September 18, 2025

सीएम नीतीश को जान से मारने की धमकी, प्रशासनिक हलकों में मचा हड़कंप

सासाराम। बिहार के सासाराम से बड़ी खबर सामने आयी है। जिसे जानकर आप भी हैरत में पड़ जाएंगे। दरअसल के सिरफिरे ने बिहार के मुखिया नीतीश कुमार को ही जान से मरवाने की धमकी दे डाली है। इसके लिए उसने इनाम देने की भी बात कही है। उक्त पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होते ही प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। पूरा मामला सासाराम के दिनारा थाना क्षेत्र का है। हालांकि उक्त युवक की पहचान कर ली गई है। वहीं दूसरी ओर इस तरह के आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर मुख्यमंत्री के समर्थकों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है।
मिली जानकरी के अनुसार, एक युवक ने फेसबुक पोस्ट पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट किया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट करने वाले उक्त युवक पर दिनारा थाना के थानाध्यक्ष ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष सियाराम सिंह के बयान पर दर्ज हुई प्राथमिकी में तोड़ा गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार पांडेय को अभियुक्त बनाया गया है। बताया जाता है कि धर्मेंद्र तोड़ा रामसुरेश पांडेय का पुत्र है। दर्ज प्राथमिकी में थानाध्यक्ष सियाराम सिंह ने कहा है कि धर्मेंद्र ने सीएम नीतीश को जान से मारने वाले को 25 लाख रुपये इनाम देने की बात फेसबुक पर पोस्ट किया था। इस बाबत प्राथमिकी दर्ज करते हुए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बहरहाल, यह फेसबुक पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा है। वहीं, यह इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस के अनुसार, किसी भी हाल में दोषी बख्शा नहीं जाएगा।

You may have missed